गांव गौंटिया इकघरा के पास बाघ देखे जाने से लोगों में दहशत है। सूचना पाकर रेंजर ने टीम सहित मौके पर पहुंचकर बाघ के पगचिन्ह ट्रेस किए। लोगों से घर से बाहर निकलने पर सावधानी बरतने की अपील की।
गांव इकघरा गौंटिया के सुनील पाठक के खेत में बाघ ने सोमवार रात एक नीलगाय को मार डाला। सुबह लोग खेतों पर गए तो नीलगाय के अधखाए शव और आशीष के खेत में बाघ के पगचिन्ह देख लोगों में दहशत फैल गई। लोगों ने मामले की जानकारी वनकर्मियों को दी।
मंगलवार सुबह साढ़े नौ बजे गांव के राजेंद्र सिंह ने बाघ को गन्ने के खेत में जाते देखा तो शोर मचाया। शोर सुनकर गांव के तमाम लोग लाठी, डंडे लेकर मौके पर पहुंचे और शोर शराबा किया। सूचना पर रेंजर हसीब बेग, वन दरोगा थानेश्वर प्रसाद, वन रक्षक राजेशपाल सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बाघ के पगचिन्ह ट्रेस किए। रेंजर ने लोगों को सलाह दी है कि सुबह जल्दी और देर शाम खेतों में न जाएं। इसके अलावा समूह में ही खेतों पर जाएं। झाड़ियों से दूर रहें।