ऐसे करते थे फर्जीवाड़ा
पुलिस ने कार में सवार नई दिल्ली के रोहिणी के सेक्टर 11 के व्हाइट हाउस अपार्टमेंट में रहने वाले गौरव यादव, नई दिल्ली के समयपुर बादली के निवासी दीपक और प्रयागराज के थाना नवाबगंज क्षेत्र के रहने वाले सिद्धार्थ पांडेय को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने बताया कि वे लोगों को लोन दिलाने के लिए सोशल मीडिया पर विज्ञापन निकालते थे। इसके बाद उन लोगों से उनके आधार कार्ड, पैन कार्ड, बिजली का बिल प्राप्त कर फर्जी रेंट एग्रीमेंट तैयार कर बोगस जीएसटी फर्म तैयार करते थे।
फर्म के नाम से बैंक अकाउंट खुलवाकर व्यापारियों को जीएसटी चोरी करके आईटीसी (इनपुट टैक्स क्रेडिट) का लाभ पहुंचाते थे। इसके बदले में पांच से 20 प्रतिशत तक कमीशन हासिल करते थे। आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। एसपी ने बताया कि आरोपियों ने अब तक दस करोड़ 77 लाख रुपये की जीएसटी चोरी किए जाने की बात कबूल की है।