खुटार सीएचसी पर घायलों को उतारते लोग। स्रोत जागरूक पाठक
खुटार। तीन बाइकों में कार की टक्कर लगने से छह लोग घायल हो गए। चार घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। दो घायलों को सीएचसी पर उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
खुटार-पूरनपुर मार्ग पर हिटौटा टोल प्लाजा के पास शाम छह बजे खुटार से जा रही कार की टक्कर एक बाइक में लग गई। बाइक सवार बाल-बाल बच गए, लेकिन घबराए कार चालक ने कार की स्पीड बढ़ा दी और भाग निकला। कुछ दूर चलने के बाद चालक कार से नियंत्रण खो बैठा और लखीमपुर के थाना मैलानी के गांव लाल्हापुर निवासी जाकिर की बाइक से उसकी कार में टक्कर मार दी।
जाकिर बाइक से अपनी मां नन्हीं बेगम और पत्नी सबाना बेगम के साथ गांव भरकलीगंज में बीमार दादी को देखकर वापस घर जा रहे थे। हादसे में तीनों लोग घायल हो गए। इसके बाद कार मैलानी के ही गांव झाऊपुर निवासी शाहनूर अली की बाइक से जा टकराई। शाहनूर अली अपनी बहन जनपद पीलीभीत के कस्बा पूरनपुर निवासी शमां परवीन और अपने रिश्तेदार की पुत्री खुटार के गांव मोहनपुर निवासी फरियाद के साथ पूरनपुर से वापस अपने घर जा रहे थे। कार की टक्कर से शाहनूर सहित तीनों भी घायल हो गए। इसके बाद चालक कार को छोड़कर भाग निकला।
सूचना पर पहुंची 108 सेवा की एंबुलेंस के चालक और ईएमटी ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। जानकारी पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच की। पुलिस ने कार और दोनों बाइकों को कब्जे में ले लिया है। गंभीर घायल जाकिर अली, नन्ही बेगम, शबाना बेगम और शाहनूर को राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।
कार चालक को पकड़ लिया गया है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
पंकज पंत, सीओ पुवायां
खुटार सीएचसी पर घायलों को उतारते लोग। स्रोत जागरूक पाठक