डीसीबी में बैठक को संबोधित करते जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष डीपीएस राठौर सहकारिता बैठक को सम्बोधि
शाहजहांपुर। जनपद में सहकारिता मंत्रालय की स्थापना के पांच वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में सहकारिता सप्ताह मनाया जा रहा है। शुक्रवार को जिला सहकारी बैंक के अटल सभागार में विभागीय कार्यों की समीक्षा बैठक में तय किया गया कि शनिवार को सहकारी सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा सहकारी समितियों को भवन व गोदाम निर्माण के लिए भूमि दान देने वाले भू-स्वामियों को सहकार गौरव सम्मान मिलेगा।
बैठक की अध्यक्षता बैंक अध्यक्ष डीपीएस राठौर ने की। उन्होंने कहा कि सहकारिता समाज के अंतिम व्यक्ति को मुख्य धारा से जोड़ने का माध्यम है। वसूली अभियान और गैर-निष्पादित परिसंपत्ति (एनपीए) कम करने में उत्कृष्ट कार्य करने वाली समितियों को प्रशंसा पत्र दिए जाएंगे।
सहकारी सप्ताह में महिलाओं को सदस्य बनाने और खाता खोलने वाली समितियों व शाखाओं को भी पुरस्कृत किया जाएगा। बैठक का संचालन जिला सहकारी बैंक के मुख्य कार्यपालक अधिकारी सौरभ द्विवेदी ने किया। इसमें सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता गणेश गुप्ता, एडीसीओ बैंकिंग हरिकेश परमार, एडीओ अनिल कुमार सिंह, वरिष्ठ शाखा प्रबंधक पूर्णिमा, प्रशांत श्रीवास्तव, ओमवीर आदि मौजूद रहे। संवाद