एआरटीओ के खिलाफ ई रिक्शा वालों ने किया प्रदर्शन
बैटरी से संचालित ई-रिक्शा का रजिस्ट्रेशन अनिवार्य कर सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय द्वारा प्रताड़ित किए जाने के विरोध में शहर के ई रिक्शा चालकों और मालिक शुक्रवार को लामबंद हो गए। उन्होंने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन कर अपनी समस्या पर अफसरों का ध्यानाकर्षण किया। बाद में डीएम के नाम ज्ञापन देकर परिवहन विभाग के उत्पीड़न से बचाने की गुहार की। ज्ञापन में कहा गया है कि बैटरी से संचालित ई-रिक्शा चालकों और मालिकों को रजिस्ट्रेशन के नाम पर परिवहन विभाग द्वारा प्रताड़ित किया जा रहा है। इसलिए ई-रिक्शा का पंजीकरण नगर पालिका परिषद में कराने की व्यवस्था की जाए। परिवहन कार्यालय में पंजीकरण अनिवार्य होने की दशा में इसके लिए उचित शुल्क निर्धारित कर पर्याप्त समय दिया जाए, जिससे कि एआरटीओ प्रवर्तन की कार्यवाही से परेशानी नहीं हो। प्रदर्शन में महेश चंद्र, दिनेश कुमार, रामचंद्र, रामबाबू, सुरेश चंद्र, फरीद खां, रहमान, इकबाल खां आदि शामिल रहे।