शाहजहांपुर। चौक कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार की रात अलग-अलग स्थानों पर चोरों ने बंद मकानों को निशाना बनाया। आढ़ती के घर से चोर दो लाख की नकदी व कीमती सामान चुरा ले गए। इसी कॉलोनी में रहने वाले रंगकर्मी कप्तान सिंह कर्णधार के मकान को चोरों ने निशाना बनाया है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
अल्हागंज निवासी आढ़ती सुनील कुमार यहां हरिपुरम कॉलोनी में रहते हैं। उनकी रोजा मंडी में गल्ले की आढ़त है। वह दीपावली के अवसर पर परिवार समेत अल्हागंज अपने घर गए हुए थे। उनके बंद मकान के कमरे का लॉक तोड़कर चोर अंदर घुस गए और नकदी समेत अन्य सामान चोरी कर भाग गए।
बुधवार सुबह सुनील लौटकर आए तो मकान का सामान बिखरा पड़ा था। चोर छत से घर में दाखिल हुए थे। इसके बाद लोहे की अलमारी के पल्लों को उखाड़ दिया। अलमारी में रखे दो लाख रुपए चुराकर ले गए। चोरों ने घर में रखा पूरा सामान बिखरा दिया। वारदात से कॉलोनी में हड़कंप मच गया। आसपास के लोग एकत्रित हो गए।
अजीजगंज चौकी पुलिस मौके पर आ गई। चौकी प्रभारी ललित शर्मा ने घटना के संबंध में पीड़ित से पूछताछ की। सूचना पर इंस्पेक्टर कोतवाली चौक अश्विनी कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर आ गए। उन्होंने आसपास लगे सीसी कैमरे चेक कराए तो उसमें तीन लोग संदिग्ध परिस्थितियों में वहां घूमते दिखाई दिए। इंस्पेक्टर के अनुसार, घटना की तहरीर मिल गई है। जांच शुरू कर दी गई है।
रंगकर्मी के बंद मकान से जेवर व नकदी चोरी
इसी कॉलोनी में रहने वाले रंगकर्मी कप्तान सिंह कर्णधार के घर से चोर 35 हजार रुपये और जेवर चोरी कर ले गए। कप्तान परिवार समेत बरेली गए हुए थे। काॅलोनी में एक साथ दो चोरी की घटनाओं से लोग डरे हुए हैं। हरिपुरम कॉलोनी निवासी कप्तान सिंह कर्णधार परिवार समेत बुधवार दोपहर लौटकर घर आए।
उन्हें मुख्य द्वार के कब्जे उखड़े हुए मिले हैं। चोरों ने पहले सेंट्रल लाॅक काटने की कोशिश की। जब लाॅक नहीं उखड़ा तो मुख्य द्वार के कब्जे उखाड़ दिए। इसके बाद सभी कमरों में घुसकर सामान बिखरा दिया। कप्तान के मुताबिक, चोर अलमारी में रखे 35 हजार रुपये, बच्चों की गुल्लक और करीब 30 हजार रुपये के जेवरात चुरा ले गए। पुलिस ने आसपास लगे सीसी कैमरों के फुटेज देखे। पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया है। अपराध निरीक्षक पवन शर्मा ने बताया कि तहरीर आई है। मामले की जांच की जा रही है।