बारिश से बचने के लिए छाता लगाकर जाता बच्चा। संवाद
शाहजहांपुर। बृहस्पतिवार सुबह अचानक घने बादल छा गए। इसके बाद तूफानी हवा के साथ तेज बारिश शुरू हो गई। करीब आधे घंटे में 19 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। शुक्रवार को भी बारिश की संभावना जताई जा रही है।
गन्ना शोध संस्थान के मौसम वैज्ञानिक डॉ. मनमोहन सिंह ने बताया कि सामान्य तौर पर हवा की रफ्तार 10 से 15 किलोमीटर प्रतिघंटा रहती है। बृहस्पतिवार सुबह बारिश के दौरान हवा 60 से 65 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चली। अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बुधवार को अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस था। इस तरह अधिकतम तापमान में एक डिग्री की गिरावट, जबकि न्यूनतम तापमान में 0.5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई।
डॉ. सिंह के मुताबिक वायुदाब सामान्य से करीब नौ मिलीबार कम है। पूर्वी हवा चल रही है और बादल छाए हुए हैं। इन मौसमी परिस्थितियों के चलते फिर बारिश की संभावना बनी हुई है।