जलालाबाद। पैदल बाजार की ओर जा रहीं क्षेत्र के गांव तिकोला दुलरामई निवासी दृगपाल की पत्नी जगदंबा को बुधवार शाम खंडहर रोड पर मिली महिला व युवक ने बरगलाकर उसके कान से सोने के कुंडल उतरवा लिए।
जगदंबा देवी आंगनबाड़ी वर्कर हैं। शाम को वह किसी काम से जलालाबाद आई थीं। करीब साढ़े चार बजे खंडहर रोड पर ई-रिक्शा से उतरने के बाद पैदल मुख्य चौराहे की तरफ चलने लगीं। इसी दौरान पीछे से आए एक महिला व युवक ने उनसे कहा कि उनके कान के कुंडल निकल रहे हैं। उनकी बातों में आकर महिला ने अपने कान के कुंडल देखे। तभी आरोपी महिला ने उसे रुमाल देते हुए कहा कि इसमें रख लो, नहीं तो गिर जाएंगे। आरोपी महिला ने कुंडल रखा रुमाल अपने हाथ में ही पकड़े रखा और वे दोनों जगदंबा को इधर-उधर की बातों में उलझाकर उसके साथ पैदल आगे बढ़ने लगे। कुछ देर साथ चलने के बाद महिला ने जगदंबा देवी को रुमाल पकड़ाया और जाने लगीं। जगदंबा ने रुमाल खोला तो उसमें कुंडल नहीं थे।
सीओ दीपक सिंह ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसी कैमरों के जरिये आरोपी महिला व उसके साथी को पहचान कर उन्हें तलाश किया जा रहा है। संवाद