फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shahjahanpur News: जान हथेली पर रखकर करना पड़ रहा 15 किमी सफर

विज्ञापन
पलिया लखनऊ हाईवे पर ग्राम कनेंग के पास टूटी पड़ी सर्विस रोड। संवाद - फोटो : बरगद के पौधों के साथ मौजूद एसएसबी के जवान।
विज्ञापन
शाहजहांपुर। लखनऊ-पलिया हाईवे को फोरलेन बनाने के लिए कार्यदायी कंपनी ने दोनों लेन की दुर्गति कर दी है। सिर्फ जिले की सीमा में जलालपुर गांव के तिराहे से लेकर हरदोई बाइपास चौराहा तक 15 किमी के दायरे में हाईवे गड्ढों से छलनी हो गया है। ऐसे में सफर काफी खतरनाक हो गया है। खासतौर पर शाम को चलना खतरे से खाली नहीं है।
विज्ञापन

कनेंग गांव के पास सर्विस लेन उखड़ी होने की वजह से ही बाइक फिसलने से उस पर सवार युवक की ट्रक से कुचलकर मौत हो चुकी है। हाईवे का दो वर्ष से हो रहा निर्माण कार्य बार-बार रोक दिए जाने से खोदे गए हिस्से हादसे का सबब बन रहे हैं।
हरदोई से शाहजहांपुर आने वाले वाहनों की लेन पर भराव को डाली गई राख और मिट्टी के ढेर लगे होने से दोनों दिशाओं के वाहन शाहजहांपुर-हरदोई लेन से निकाले जा रहे हैं, लेकिन रूट डायवर्जन के लिए कहीं भी संकेतक नहीं लगाए गए है। इस वजह से गड्ढों से छलनी हाईवे पर आए दिन हादसे हो रहे हैं।
विज्ञापन

रोजा। लखनऊ-दिल्ली हाईवे के हरदोई बाइपास चौराहा से लखनऊ-पलिया हाईवे पर चलते ही कई जगह कहीं हाईवे की लेन उखड़ी है तो कहीं मार्ग दरक जाने से वहां जानलेवा गड्ढे बन गए हैं। हाईवे के निर्माण में भराव के काम आने वाली राख डंपरों में मानक से ज्यादा भर कर ढोई जा रही है। डंपरों की राख और मिट्टी हाईवे की एक लेन पर डाली जा रही है। इससे हरदोई दिशा से आने वाले वाहनों का आवागमन बाधित हो रहा है। हाईवे पर लगे राख और मिट्टी के ढेर वाहनों के आवागमन से धुंध का गुबार बनकर उड़ते हैं।
नगर के बाहर बन रहे बाइपास के ओवरब्रिज से लेकर रिलायंस तापीय परियोजना के प्रशासनिक गेट तक एक किमी के बीच गड्ढों से छलनी हाईवे कई जगह पत्थरों के ढेर में बदल गया है। आगे बढ़ने पर कनेंग के पास हाईवे की जर्जर हो चुकी सर्विस लेन राहगीरों, खासकर बाइक सवारों के लिए मुसीबत बन चुकी है।
कनेंग से आगे जलालपुर और सिद्धार्थनगर तक एक लेन बंद होने से दूसरी लेन पर दोनों ओर के वाहन निकलने से वह भी खराब हो रही है। हाईवे पर कई जगह संकेतक नहीं होना भी हादसे होने का अहम कारण है।
सेहरामऊ दक्षिणी। लखनऊ-पलिया हाईवे पर यहां से शाहजहांपुर जाना हो या फिर हरदोई की तरफ, दोनों दिशाओं में यातायात में तमाम बाधाएं हैं। रिलायंस तापीय परियोजना के कर्मचारी गेट से लेकर हरदोई जिले की सीमा पर बसे चंदगोई और सिद्धार्थनगर गांव तक करीब दस किमी की दूरी में कई जगह डिवाइडर टूट जाने से वहां बने अवैध कट से दूसरी लेन पर निकलने वाले लोग अक्सर हादसों में अपनी जान गवां बैठते हैं।
हरदोई सीमा पर ईंट भट्ठों के पास, कुतुआपुर में अधूरे ओवरब्रिज के पास, सेहरामऊ दक्षिणी तिराहा के पास अनगिनत गड्ढे हैं। मिर्गापुर गांव के पास हाईवे का 200 मीटर हिस्सा गायब हो चुका है और गुंवारी गांव में डिवाइडर का 500 मीटर हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने से वहां हादसे भी ज्यादा हो रहे हैं। बादशाहनगर चौराहा के पास अधूरे ओवरब्रिज के नीचे से लेकर वहां बने अवैध कट भी हादसे का कारण बन गए हैं।


इन स्थानों पर सावधानी से चलने में ही समझदारी
- कनेंग के पास ओवरब्रिज पर ऊपर चढ़ते और उतरते समय दोनों तरफ करीब 15 मीटर हिस्से में बिखरी बजरी पर अक्सर दोपहिया वाहन फिसल रहे हैं।
- मिर्गापुर के सामने अधूरे ओवरब्रिज के एक ओर हरदोई की तरफ जाने वाली लेन को खोद दिया गया है। वहां हाईवे धूल-धूसरित और ऊबड़-खाबड़ हो गया है।
- कुतुआपुर के अंडरपास और बादशाहनगर के ओवरब्रिज के पास भी मार्ग गड्ढों में बदल जाने से वहां जरा सी असावधानी जान पर भारी पड़ जाती है।

- रोजा तापीय परियोजना के प्रशासनिक गेट से कर्मचारी गेट तक एक किमी के दायरे में हाईवे को वनवे कर दिए जाने से वहां जाम के साथ हादसे भी हो रहे हैं।
-
लखनऊ-पलिया हाईवे निर्माणाधीन है। जहां पर निर्माण कार्य चल रहे हैं, वहां पर संकेतक लगाने के लिए सख्ती से निर्देशित किया गया है। सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
-नवरत्न, पीडी, एनएचएआई

कुछ दिक्कतों की वजह से हाईवे पर फोरलेन का काम बार-बार रोकना पड़ रहा है। डीजल के दाम बढ़ने से निर्माण सामग्री भी काफी महंगी हो जाने से वह मांग के अनुसार समय से नहीं मिल रही है। उम्मीद है कि निर्माण सामग्री की अगले माह से आपूर्ति सामान्य होते ही सभी काम एक साथ तेजी से होने लगेंगे और ऐसी स्थिति में अगले दो माह में सभी काम पूरे करा लिए जाएंगे।

-विश्वनाथ, परियोजना प्रबंधक, आरसीएल कंपनी

पलिया लखनऊ हाईवे पर ग्राम कनेंग के पास टूटी पड़ी सर्विस रोड। संवाद- फोटो : बरगद के पौधों के साथ मौजूद एसएसबी के जवान।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें