शाहजहांपुर। शहर की पॉश कॉलोनियों के पास स्थित बूथों पर अधिकतर मतदाताओं ने सुबह और शाम के वक्त अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। दोपहर में इन बूथों पर इक्का-दुक्का वोटर ही पहुंचे। वहीं मिश्रित आबादी के क्षेत्रों में सुबह से मतदान खत्म होने तक लंबी कतार देखी गई। लोग धूप में भी मतदान के लिए डटे रहे। कुछ केंद्रों में मतदान की धीमी रफ्तार के कारण भी लोगों को लाइन में लगना पड़ा।
शहर के खिरनीबाग, गोविंदगंज, चौक, जीआईसी, सरदार पटेल हिंदू इंटर कॉलेज आदि स्थानों में सुबह अच्छी खासी संख्या में मतदाता पहुंचे। यहां पर सुबह भी लंबी कतार नहीं लगी हुई थी। एक साथ चार-पांच लोग ही लाइन में लगकर वोट डाल रहे थे। हालांकि नगर निगम में बने बूथ पर सुबह सन्नाटा पसरा रहा। आठ बजे के बाद धीरे-धीरे कर मतदाता पहुंचने शुरू हुए। बरेली मोड़ के आसपास स्थित मतदान केंद्रों का यही हाल रहा। पूर्वाह्न 11 बजे के बाद मतदान केंद्रों में इक्का-दुक्का लोग ही नजर आए। दोपहर 12 बजे के बाद रुक-रुककर मतदान होता रहा। दोपहर में दो बजे के आसपास इन सेंटरों पर सन्नाटा छा गया। शाम 04:30 बजे के बाद इन बूथों पर फिर से भीड़ नजर आई।
वहीं किला, जलालनगर, बाडूजई आदि मिश्रित आबादी के इलाकों में सुबह से मतदाताओं की लाइन लगनी शुरू हो गई थी। किला में तो दोपहर में भी मतदान के लिए भीड़ लगी नजर आई। हालांकि यह भीड़ सुबह और शाम से मुकाबले काफी कम रही।
-