शाहजहांपुर। भगवान श्रीकृष्ण की जन्माष्टमी सोमवार को धूमधाम से मनाई गई। अर्द्धरात्रि को रोहिणी नक्षत्र में 12 बजे कन्हैया का जन्म होने पर चहुंओर खुशियां छा गईं। घरों व मंदिरों में लोगों ने कान्हा के जन्म की बधाई दी। देर शाम से ही शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही।
सोमवार को सुबह से ही घरों व मंदिरों में भगवान के जन्म पर उनके स्वागत की तैयारियां शुरू हो गईं। साफ-सफाई के साथ ही मंदिरों की सजावट की गई। घरों में महिलाओं ने भगवान को भोग लगाने के लिए मेवे की पंजीरी, कतली आदि पकवान तैयार किए गए। शाम होते ही शहर के बाबा विश्वनाथ मंदिर, बाबा वनखंडी नाथ मंदिर, रामनगर के राधा-कृष्ण मंदिर, कृष्णानगर में श्रीकृष्ण मंदिर, मालखाना मोड़ स्थित शेरों वाले मंदिर में विशेष प्रकार की सजावट की गई।
सीता मठिया, श्री द्वारिकाधीश मठिया आश्रम, फैक्टरी इस्टेट में लक्ष्मी-नारायण समेत सभी मंदिर शाम होते ही बिजली की रोशनी से जगमगा गए। यहां पर देवस्वरूपों की सुंदर झाकियां भी सजाई गईं। मंदिर के बाहर बनाए गए मंच पर बच्चों ने भजनों पर नृत्य किया। इनको देखने और भगवान के पूजन के लिए शाम होते ही लोग घरों से निकल पड़े।
लोहारों वाला चौराहा स्थित मनोकामेश्वर मंदिर और आनंदपुरम स्थित आनंदेश्वर महादेव मंदिर की छटा देखते ही बनी। सजीव झांकियों के बीच भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। लाला तेली बजरिया स्थित प्राचीन शिव मंदिर में परंपरागत ढंग से सजावट की गई। पालने में झूलते लड्डू गोपाल, माखन चुराते श्रीकृष्ण, श्री शंकर- पार्वती, माता यशोदा, कारागार में वसुदेव-देवकी आदि की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। पुजारी सुरेश चंद्र मिश्रा ने कन्हैया के जन्म के बाद आरती कराई और श्रद्धालुओं को प्रसाद बांटा।
इनके साथ ही रेलवे स्टेशन, जलालनगर, सरायंकाइयां, रेती स्थित मनोकरण और राधा-कृष्ण मंदिर, दलेलगंज, हनुमत धाम, केरूगंज, अजीजगंज आदि क्षेत्रों के मंदिरों में देर रात तक श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। श्रद्धालुओं ने श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया और प्रसाद लेकर ही घर वापस हुए। घरों में भी रात 12 बजे पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं ने उपवास खोला।
-
गोमाता का पूजन कर मनाई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी
शाहजहांपुर। कान्हा की प्रिय गोमाता का पूजन कर जन्माष्टमी मनाई गई। वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने नगर निगम की मघई टोला स्थित गोशाला पहुंचकर गोमाता का पूजन किया। जलालाबाद विधायक हरिप्रकाश वर्मा ने टिंगरी में स्वयंसेवी महिला समूह द्वारा संचालित गोशाला जाकर गायों को गुड़-चना आदि खिलाया। इनके साथ ही एसडीएम, ब्लाॅक प्रमुखों, खंड विकास अधिकारियों, सहायक खंड विकास अधिकारियों, प्रधानों, सचिवों ने भी गोशालाओं में जाकर गोमाता का पूजन कर गुड, केला, हरा चारा आदि खिलाई। वहीं, बीएसए के निर्देश पर कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय तथा नगर की गाइड कंपनी ने कान्हा गोशाला जाकर गोमाता का पूजन किया। छात्र-छात्राओं द्वारा गोसेवा की गई।
मघई टोला स्थित कान्हा गोशाला में आयोजित कार्यक्रम में बोलते वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना। स्