पुवायां। पुवायां में रामलीला मेला गेट के पास वाहन स्टैंड संचालक और ई-रिक्शा चालकों के बीच मारपीट हो गई। इस दौरान पुलिस नदारद रही। बाद में पुलिस ने दो लोगों को पकड़ लिया।
नगर में रामलीला मेला चल रहा है। मेला गेट के पास ही वाहन स्टैंड है। स्टैंड के पास ही कुछ चालक ई-रिक्शा खड़े कर देते हैं। इसको लेकर स्टैंड संचालक से अक्सर विवाद होता रहता है। शुक्रवार को एक चालक ई-रिक्शा स्टैंड के पास खड़ाकर सवारियां उतारने लगा। स्टैंड संचालक ने ई-रिक्शा आगे बढ़ाने के लिए कहा, इसको लेकर विवाद होने के बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई।
काफी देर तक डंडे और लात-घूंसे चलने के बाद लोगों ने दोनों पक्षों को समझाकर अलग किया। मारपीट के दौरान किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया। बाद में पहुंची पुलिस ने दो लोगों को पकड़ लिया।
मेला मंत्री डॉ. राकेशचंद्र मिश्रा ने बताया कि मेले में मारपीट की जानकारी नहीं है। पता कराया जाएगा। थाना प्रभारी रवि करन सिंह ने बताया कि वह रामलीला मंचन स्थल के पास थे। गेट के पास विवाद हुआ है। दो लोगों को पकड़ लिया गया है। जांच की जा रही है।
-
जिसको पीटा गया, पुलिस ने उसे ही कर दिया बंद
पुवायां। पुवायां के रामलीला मेले में कई लोगों ने ई-रिक्शा चालक गांव मजीदापुर के सुधीर कुमार को डंडों और लात, घूंसों से जमकर पीटा, बाद में पुलिस ने सुधीर को ही हवालात में बंद कर दिया। गांव मजीदापुर निवासी भाजपा बूथ अध्यक्ष अरविंद कुमार ने एसपी से शिकायत करते हुए बताया कि ई-रिक्शा चालक उनका भतीजा है। मारपीट में सुधीर घायल हुआ है और पुलिस ने सुधीर को ही बंद कर दिया है। मारपीट करने वालों पर कार्रवाई नहीं हुई है। थाना प्रभारी करन सिंह ने बताया कि दोनों पक्ष थाने लाए गए हैं, जांच चल रही है। संवाद
मामले का संज्ञान लिया गया। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई। कुछ लोगों को पकड़ा गया है। कार्रवाई कराई जाएगी।
- प्रवीण मलिक, सीओ पुवायां