राज्यरानी एक्सप्रेस में पायदान पर खड़ा यात्री। संवाद
शाहजहांपुर। होली को लेकर अप और डाउन लाइन की ट्रेनों में सीट को लेकर मारा-मारी मची है। ट्रेनों में भीड़ के चलते लोगों को पायदान पर खड़े होकर सफर करना पड़ रहा है। इसके चलते हादसा होने का खतरा भी बना हुआ है।
सोमवार को दोपहर 12 बजे से ही प्लेटफॉर्म नंबर एक पर यात्री पहुंचना शुरू हो गए। करीब साढ़े 12 बजे त्रिवेणी एक्सप्रेस के रुकते ही स्लीपर कोच में चढ़ने के लिए मशक्कत शुरू हो गई। पहले से बोगियां भरी होने के कारण यात्रियों को सवार होना मुश्किल हो गया। कुछ यात्री ही बोगी में सवार हो सके।
इसके बाद आई राज्यरानी एक्सप्रेस की बोगियां भी भरी हुईं थी। बोगी में सवार होने के लिए यात्रियों में नोकझोंक भी हो गई। इस बीच जगह नहीं मिलने पर पायदान पर बैठकर यात्रियों ने सफर किया। इसी तरह पार्सलयान में भी यात्री बैठ गए। इस बीच आरपीएफ और जीआरपी के जवान निगहबानी बनाए रहे।
चलती ट्रेन से उतरते समय युवक को बचाया
राज्यरानी एक्सप्रेस की बोगी के पायदान पर सवार युवक का ईयर बर्ड अचानक प्लेटफॉर्म पर गिर गया। उस समय ट्रेन प्लेटफॉर्म नंबर एक पर रेंग रही थी और रुकने वाली थी। ईयर बर्ड के चलते युवक चलती ट्रेन से कूद पड़ा। उसे सीएमआई एसके ठाकुर ने किसी तरह बचाया।
रात में नहीं मिली बसें, भटकते रहे यात्री
परिवहन निगम ने यात्रियों को राहत देने के लिए पर्याप्त बसें होने का दावा किया था, लेकिन रविवार की रात करीब दस बजे हरदोई और लखीमपुर जाने के लिए यात्रियों को बसें नहीं मिलीं। इसके चलते यात्री भटकते रहे। उन्हें डग्गामार वाहनों का सहारा लेना पड़ा।
राज्यरानी एक्सप्रेस में पायदान पर खड़ा यात्री। संवाद