कोचर फार्म पर फिर पहुंचा बाघ, लोगों में दहशत
बृहस्पतिवार की रात बाघ फिर कोचर फार्म पर पहुंच गया। बाघ देखकर लोगों में हड़कंप मच गया। मामले की सूचना वनकर्मियों को दी गई, लेकिन किसी ने भी मौके पर पहुंचने की जरूरत नहीं समझी। बाघ दिखने से लोगों में दहशत है।
कोचर फार्म निवासी बल्देव सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार देर शाम वह घर के बाहर कुत्ते को खाना देने गए थे। घर के बाहर निकलते ही उनकी निगाह कुछ दूर बैठे बाघ पर पड़ी तो उनकी सिट्टी पिट्टी गुम हो गई। वह शोर मचाते हुए वापस घर के अंदर भाग निकले। उन्होंने बाघ होने की जानकारी डीएम, डीएफओ के साथ ही स्थानीय वनकर्मियों को भी दी, लेकिन देर रात तक कोई भी मौके पर नहीं पहुंचा। इस पर उन्होंने आसपास के गांवों के लोगों को जानकारी दी तो तमाम लोग शोर शराबा करते और पटाखे चलाते हुए मौके पर पहुंचे तो बाघ जंगल की ओर चला गया। बाघ के कोचर फार्म के पास जंगल में किनारे एक नीलगाय को मार दिया। वह लोग नीलगाय के चिल्लाने की आवाज सुनते रहे, लेकिन अंधेरे के कारण कोई भी आगे नहीं बढ़ा। बल्देव सिंह ने बताया है कि बाघ कई दिन से कोचर फार्म के आसपास देखा जा रहा है। कई बार सूचना देने के बाद भी अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। इससे लोगों में रोष है। बाघ कभी भी किसी पर हमला कर सकता है। बाघ के भय से लोगों ने खेत की ओर जाना छोड़ दिया है।