निगोही में चोरी के बाद टूटा बॉक्स दिखाते बाबूराम। संवाद
निगोही। कस्बे के अलग-अलग मोहल्लों में चोर बृहस्पतिवार की रात तीन घरों के ताले तोड़कर वहां से नकदी और जेवर समेत लाखों का माल चोरी कर ले गए। पुलिस मौका मुआयना करने के बाद सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के जरिये चोरों का सुराग लगाने में जुटी हुई है।
मोहल्ला रामनगर बगिया निवासी आयुष प्रताप सिंह परिवार सहित बीसलपुर क्षेत्र के गांव खनंका स्थित अपनी ननिहाल में बीमार नानी को देखने गए थे। इसी दौरान चोर उनके घर के मेनगेट का ताला तोड़ कर अंदर घुस गए। चोरों ने कमरों के ताले और अंदर रखी अलमारी का लॉक तोड़ कर उसमें रखे हुए 21700 रुपये सहित सोने का पेंडिल, ओम लिखा हुआ सोने का पैंडिल निकाल लिया।
शुक्रवार को सवेरे पड़ोसियों ने दरवाजा खुला देख उन्हें फोन से सूचना दी। मोहल्ला रामनगर बगिया निवासी बाबू राम राठौर साढ़ू की पुत्री की शादी में गए थे और घर पर कोई नहीं था। चोर ताले तोड़कर कमरे में रखे सोने के चार आभूषण और 15 हजार रुपये नकद निकाल ले गए।
चोरी की एक अन्य घटना मोहल्ला आदर्शनगर निवासी मेंबर सिंह के घर हुई। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह परिवार सहित दिल्ली में रह कर कार्य करते हैं। घर की छत पर बने दो कमरों में किरायेदार रहते हैं, बृहस्पतिवार की रात दोनों किरायेदार बाहर गए थे। देर रात चोर उनके घर की अलमारी तोड़कर 23 ग्राम सोने की चेन, छह ग्राम के सोने के झाले, तीन ग्राम की सोने की अंगूठी और एक जोड़ी चांदी की पायल निकाल ले गए।
मकान मालिक ने दिल्ली से लौटकर तहरीर देने की बात कही है। कार्यवाहक थाना प्रभारी दिलशाद खां ने बताया कि चोरियों की सूचना मिलने पर जांच की जा रही है। इसके लिए कस्बे में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है।