तिलहर में चोरी की घटना के जांच के लिए पहुंचा डॉग स्क्वॉयड। स्रोत: पुलिस
शाहजहांपुर/तिलहर। तिलहर में कृषि उत्पादन मंडी समिति परिसर में स्थित आढ़ती अरुण कुमार छुन्नू बाबू की दुकान में पीछे के दरवाजे से घुसे चोरों ने आठ लाख 21 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली। चोर अंदर वारदात करते रहे और चौकीदार बाहर सोता रह गया।
मोहल्ला बिरियागंज निवासी अरुण गुप्ता और सुधीर कुमार की गल्ला मंडी में छेदालाल सीताराम के नाम से आढ़त है। सोमवार की रात साढ़े आठ बजे दुकान बंद कर चले गए थे। चौकीदार राजबहादुर शटर के बाहर रखवाली करता है। अरुण के अनुसार, आठ लाख 21 हजार 300 रुपये लोहे की अलमारी में रखे थे। रात में दुकान के पिछले दरवाजे से चोरों ने अंदर प्रवेश किया। प्लास, पेंचकस व हथौड़ी की मदद से अलमारी को तोड़कर नकदी लेकर चले गए।
सुबह छह बजे सुधीर कुमार चौकीदार को चाबी देकर वे चले गए। चौकीदार ने दरवाजा खोला तो अलमारी व संदूक का ताला टूटा देखकर उसे चोरी की जानकारी हुई। गल्ला मंडी में घटना के बाद आसपास के व्यापारी एकत्रित हो गए। सूचना पर सीओ अमित चौरसिया पुलिस बल के साथ माैके पर पहुंचे। चौकीदार से पूछताछ की। व्यापारियों ने चोरी की घटना पर नाराजगी जताई। इसके बाद डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए।
एसपी ग्रामीण मनोज कुमार अवस्थी मौके पर पहुंचे और व्यापारियों को घटना के खुलासे का आश्वासन दिया। पुलिस ने व्यापारी के नौकर और कुछ अन्य लोगाें को हिरासत में ले लिया है। तिलहर विधायक सलोना कुशवाहा व उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष सौरभ गुप्ता रवि ने चोरी की वारदात को लेकर पुलिस अधिकारियों से कॉल पर बात कर खुलासे की मांग की है।
-चोरी की घटना की जांच की जा रही है। कई अहम सुराग मिले हैं। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
अमित चौरसिया, सीओ