चोरी के बाद बिखरा पड़ा सामान । संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। थाना सदर बाजार क्षेत्र के शाहबाजनगर रोड जामिया फातिमा मदरसे के पीछे भारतीय सेना में कार्यरत आबिद खां के बंद मकान से चोर लाखों रुपये का माल समेट ले गए। रविवार सुबह चोर मकान से वॉशिंग मशीन लेकर जा रहे थे। इस बीच उनके रिश्तेदार ने देखकर रिक्शा चालक को पकड़ लिया। जबकि दो चोर भाग गए। पीड़ित ने थाने पर तहरीर दी है। पुलिस चोरों की तलाश में जुटी है। पुलिस को सीसीटीवी में चोर नजर आया है।
पुवायां थाना क्षेत्र के गांव पसियाखेड़ा निवासी आबिद खां ने शाहबाजनगर रोड पर मकान बनाया है।
आबिद भारतीय सेना में हैदराबाद में नियुक्त है। आबिद चार महीने पहले ड्यूटी पर चले गए थे। उनकी पत्नी भी मायके हरदोई जिले के थाना पिहानी क्षेत्र के गांव कचनार चली गई थी। मकान में आबिद के भाई राशिद खां के बेटे सलमान और फैज रहकर पढ़ाई करते थे। पेपर खत्म होने के बाद वे भी एक सप्ताह पहले मकान में ताला डालकर गांव चले गए। इस बीच चोरों ने घर से नकदी व सोने-चांदी के माल पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने बर्तन चोरी करने के बाद अब बड़े आइटम को घर से निकालना शुरू कर दिया। रविवार सुबह नौ बजे चोर ई-रिक्शे पर वॉशिंग मशीन लादकर ले जा रहे थे।
इस बीच आबिद के रिश्तेदार शाहनवाज आ गए। उन्होंने वॉशिंग मशीन को ले जाने की वजह पूछी तो चोर ने बताया कि आबिद ने मकान को शिफ्ट कर लिया। यह सुनकर शाहनवाज को शक हुआ और उन्होंने एक चोर को पकड़ लिया। इतने में दूसरा चोर और रिक्शा चालक भागने लगा। उसे पकड़ने के दौरान चोर भाग गया, लेकिन ई-रिक्शा चालक को दबोच लिया। सूचना पर पुलिस पहुंची और रिक्शा चालक को थाने ले आई। फौजी आबिद के भाई राशिद खां ने थाने पर तहरीर दी है। राशिद खां ने बताया कि शाहबाजनगर रोड पर जमीन पर निर्माण के लिए रखी एक लाख 41 हजार रुपये की नकदी, सोने के कान के झाले, सोने का हार, सोने की चेन, दो अंगूठी, एलसीडी और बर्तन आदि चुरा ले गए। आबिद का दहेज का सामान चोर लगातार धीरे-धीरे ले जा रहे थे।
-शाहबाजनगर नगर रोड पर घर में चोरी का मामला संज्ञान में है। इस मामले में रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। -सरवणन टी, सीओ सिटी