शाहजहांपुर। वाईबाग कॉलोनी व सुभाष रोड पर स्थित बंद मकान में चोरी की घटनाएं हो गईं। मकान मालिकों ने थाना सदर बाजार पहुंच पुलिस को पूरी बात बताई। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्षेत्र की वाईबाग कॉलोनी निवासी मनोज कुमार ने मकान में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि तीन अगस्त को वह अपनी ससुराल मऊखालसा चला गया था। पिता दूसरे मकान में रहने चले गए थे। घर पर कोई नहीं था। इसका फायदा उठाकर चोरों ने घटना को अंजाम दिया। दूसरे दिन सुबह घर लौटा तो देखा कि एलसीडी और सिलिंडर गायब था। शक है कि कॉलोनी के आजाद व अभिषेक ने चोरी की है।
वहीं, दूसरी ओर सुभाष रोड कैंट निवासी नरेंद्र कोचर ने चोरी की दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि बीमारी के चलते वह 20 अप्रैल को इलाज के लिए दिल्ली गया था। 24 जुलाई की रात तक गुरुग्राम में बेटे के पास रहा। 25 जुलाई को जब घर लौटा तो देखा कि सारा सामान बिखरा पड़ा था। दो गैस सिलिंडर, चूल्हा, किचन का सामान, कूलर, मिक्सी आदि गायब था।
ससुराल गए ग्रामीण के मकान में हो गई चोरी
कलान। ससुराल गए ग्रामीण के मकान में चोरी हाे गई। ग्राम रुकनपुर निवासी नीरज ने थाने में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह सोमवार को पत्नी के साथ अपनी ससुराल दिल्ली गए थे। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने बक्से में रखे सोने-चांदी की जेवर एवं पीतल के बर्तन चोरी कर लिए। जब वह मंगलवार को वापस आया तब चोरी की घटना की जानकारी हुई। नीरज ने बताया कि इससे पहले गांव के कुछ लोग उसके घर पर चोरी करने के इरादे से घुसे थे, लेकिन चोरी नहीं कर पाए। इसकी सूचना उसने थाने में दी थी। बताया कि उसके घर के पड़ोस में अरिल नदी है। नदी के किनारे लोग जुआ खेलते हैं। जुआ खेलने वालों पर भी चोरी करने का शक जाहिर किया है। पुलिस ने चोरी की घटना के खुलासे का दावा किया है। संवाद