शाहजहांपुर के कांट कस्बे में रविवार रात चोरों ने तीन दुकानों को निशाना बनाया। दो सराफा समेत इन दुकानों से लाखों रुपये का माल चोरी हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है, हालांकि अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। इस घटना से व्यापारियों में नाराजगी है।
शाहजहांपुर के कांट कस्बे में थाने से पांच सौ मीटर की दूरी पर कुर्रिया कलां मोड़ पर चोरों ने रविवार रात तीन दुकानों को निशाना बनाया। चोरों ने सौ मीटर के दायरे में दो सराफा समेत तीन दुकानों से लाखों का माल पार कर लिया। एक ही रात में तीन दुकानों में चोरी की घटना से पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। व्यापारियों में नाराजगी व्याप्त है।
विज्ञापन
रविवार की रात करीब आठ बजे दुकानें बंद हो गई थी। आधी रात के बाद चोर आशीष वर्मा की ज्वेलरी की दुकान का शटर काटकर अंदर घुस गए और सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए। इससे कुछ दूरी पर प्रिंस वर्मा की दुकान का शटर तोड़कर चोर घुसे। इसी लाइन में अजय किराना स्टोर का शटर भी चोरों ने काट दिया। सुबह होने पर लोगों को चोरी की जानकारी हुई तो पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पाकर इंस्पेक्टर राकेश मौर्या पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। डॉग क्वॉयड को भी मौके पर बुलाया गया। व्यापारियों के अनुसार, उनका लाखों रुपये का माल चोरी हो गया है। सीओ सदर शुभम वर्मा ने बताया कि मामले में अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। मामले की जांच की जा रही है।