मिर्जापुर (शाहजहांपुर)। बड़े भाई को हाईस्कूल पास कराने के लिए छोटा भाई गणित की परीक्षा देने पहुंच गया। शक होने पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट ने उसे पकड़ लिया। पुलिस ने दोनों भाइयों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
मंगलवार को यूपी बोर्ड परीक्षा की पहली पाली में हाईस्कूल के गणित विषय का पेपर था। मिर्जापुर के सिंगहा युसुफपुर स्थित समाज कल्याण इंटर कॉलेज में परीक्षा के दौरान स्टेटिक मजिस्ट्रेट सुनील कुमार निरीक्षण करने पहुंचे, तभी उन्हें किसी ने जानकारी दी कि एक परीक्षार्थी के स्थान पर दूसरा परीक्षा दे रहा है। जबकि, परीक्षार्थी विद्यालय के बाहर घूम रहा था। इसके बाद उन्होंने जांच की तो मामला खुल गया। सूचना पाकर एसडीएम महेश कुमार कैथिल विद्यालय पहुंच गए। दोनों भाइयों को थाने लाया गया। मिर्जापुर थाने में केंद्र व्यवस्थापक अनिल कुमार की तहरीर पर परीक्षार्थी और उसके छोटे भाई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। बताया जा रहा है कि छोटा भाई क्षेत्र के ही एक विद्यालय में कक्षा 11 का छात्र है। वहीं, बड़ा भाई इस वर्ष कक्षा दस की परीक्षा दे रहा था। आधार कार्ड में उसने अपना फोटो स्कैन कर लगा लिया था। इसी के सहारे वह हिंदी का पेपर देने में सफल भी हो गया था। डीआईओएस हरिवंश कुमार ने बताया कि दोनों भाइयों की शक्ल भी काफी मिलती है। संंबंधित को अब आगे की परीक्षा से वंचित रखा जाएगा।