शाहजहांपुर। सेहरामऊ दक्षिणी के एक गांव की युवती प्रेम संबंध के बाद गर्भवती हो गई। इस बीच दोनों ने मंदिर में शादी कर ली। आरोप है कि शादी के बाद ससुराली दहेज की मांग करने लगे। नगर के अजीजगंज के एक अस्पताल में गर्भपात करा दिया। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने थाने में तहरीर देकर बताया कि करीब दो साल पहले ग्राम जलालपुर निवासी दीपक से मुलाकात हुई थी। दोनों में प्रेम संबंध हो गया। इस बीच वह गर्भवती हो गई। उन्होंने सात सितंबर को मां जालिपा देवी मंदिर में शादी कर ली। शादी के बाद से ससुराल वाले दहेज को लेकर परेशान करने लगे। पति दीपक, ससुर सोनपाल और परिवार के अन्य लोगों ने दहेज की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी न होने पर नौ सितंबर को शहर के अजीजगंज क्षेत्र में एक नर्सिंग होम में लेकर पहुंचे और चौथे महीने में गर्भपात करा दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।