खुटार। घर के अकेले रह रहे 45 वर्षीय अजय कुमार मिश्रा की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। घर से दुर्गंध आने पर लोगों को उनकी मौत का पता लग सका।
अजय कुमार घर पर अकेले रहते थे। उनके बड़े भाई अनिल कुमार मिश्रा और छोटे भाई अंबरीश कुमार मिश्रा पड़ोस में रहते थे। करीब एक सप्ताह से अजय कुमार मिश्रा को उनके भाइयों और मोहल्ले के लोगों ने घर से बाहर निकलते नहीं देखा।
शुक्रवार को उनके घर से दुर्गंध आनी शुरू हुई तो अनिल कुमार मिश्रा ने इसकी सूचना पुलिस को दी। कार्यवाहक थाना प्रभारी सुभाषचंद्र पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और सीढ़ी लगाकर अजय के छोटे भाई अंबरीश कुमार को घर के अंदर भेजकर मेन गेट खुलवाया। घर के टिनशेड में जमीन में लगे बिस्तर पर अजय का शव पड़ा था।
भाई अनिल और अंबरीश ने पुलिस को बताया कि अजय कुमार की शादी जलालाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव जसनपुर में हुई थी। शादी के कुछ साल बाद अजय मिश्रा की मानसिक हालत बिगड़ गई, इसके बाद 15 साल पहले उनकी पत्नी मायके चली गई थी और लौटकर नहीं आईं।
भाइयों ने बताया कि मानसिक हालत ठीक न होने के कारण अजय उनसे कोई मतलब नहीं रखते थे और घर में अकेले रहते थे। परिजनों ने आशंका जताई कि अजय कुमार की मौत करंट या अन्य कारण से हुई है।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। कार्यवाहक थाना प्रभारी ने बताया कि शव कई दिन पुराना लग रहा है। सीओ प्रवीण मलिक ने बताया कि परिजनों की सूचना पर जांच की गई है। कोई तहरीर दी जाती है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।