शाहजहांपुर। ककरा कलां निवासी विवाहिता गीता देवी की संदिग्ध हालत में मौत के मामले में हत्या की रिपोर्ट दर्ज नहीं किए जाने पर मायके पक्ष की महिलाओं ने कलक्ट्रेट गेट पर धरना देकर रोड जाम कर दिया। हालांकि, इस बीच वहां पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट आशीष कुमार सिंह और सीओ सिटी अखिल प्रताप सिंह ने महिलाओं और उनके समर्थन में साथ आए नेशनल डेमोक्रेटिक पीपुल्स फ्रंट (एनडीपीएफ) के कार्यकर्ताओं को समझाकर रास्ता खुलवाया और जल्द उचित कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया।
अधिकारियों के समझाने पर भी महिलाओं के तेवर तीखे बने रहे। इसीलिए उन्होंने कलक्ट्रेट गेट से हटाए जाने पर खिरनीबाग के जीआईसी मैदान पर डेरा जमाकर भूख हड़ताल शुरू कर दी। महिलाओं का कहना है कि जब तक गीता की मौत के दोषी गिरफ्तार नहीं होंगे वे अपनी भूख हड़ताल जारी रखेंगी। एनडीपीएफ के अध्यक्ष योगेंद्र यादव ने कहा कि थाना सदर बाजार इंस्पेक्टर को गीता की हत्या से पहले उसकी पिटाई कर रहे लोगों की फोटो और वीडियो क्लिप आदि साक्ष्य दिए जा चुके हैं। धरना प्रदर्शन में उर्मिला, कमला देवी, सत्यवती, चंद्रसेन, सूरजपाल, रामचंद्र, राकेश कुमार, रामचंद्र, अखिलेश कुमार आदि शामिल रहे।