मिर्जापुर। ग्राम पंचायत बुढ़ौरा शेरगंज में चयनित कोटेदार इजहार अली को अभी तक कोटा कार्ड जारी नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने बुधवार को तहसील गेट पर प्रदर्शन किया। इस दौरान भीषण गर्मी में तराना बेगम की हालत बिगड़ने से वह गश खाकर गिर गईं।
तहसीलदार सृजित कुमार ने एंबुलेंस बुलाकर महिला को उपचार के लिए जरियनपुर सीएचसी भेजा और ज्ञापन लेकर ग्रामीणों की बात सुनी। गांव के लोगों का कहना था कि गत 31 मई को गांव में हुई खुली बैठक में कोटेदार का चयन हो चुका है, लेकिन उन्हें अब तक कोटा कार्ड नहीं मिलने से गांव में राशन वितरण का कार्य ठप है। ज्ञापन देने वालों में महेश चंद्र वर्मा, संजीव कुमार, महाराम, रामपाल, राजेन्द्र, राधेश्याम आदि शामिल रहे। संवाद