फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

महिला बोली : बच्ची को पालने का मन था...इसलिए उठा लिया

Tue, 17 Nov 2026 12:37 AM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन


जलालाबाद। घर के बाहर खेलते समय लापता हुई साढ़े तीन साल की दीपिका की सकुशल बरामदगी के बाद सोमवार सुबह पुलिस ने उसका मेडिकल परीक्षण कराया। बच्ची को अपने साथ ले जाने वाली आरोपी महिला से पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार, महिला की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं लग रही है। उसकी पृष्ठभूमि के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। महिला के मुताबिक वह बच्ची को पालने के लिए ले जा रही थी।
नगर के मोहल्ला कानूनगोयान निवासी राहुल की बेटी दीपिका रविवार सुबह करीब आठ बजे घर के बाहर खेलते समय अचानक लापता हो गई थी। राहुल की सूचना पर पुलिस ने तलाश शुरू की। करीब 11 घंटे की मशक्कत और सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने बरेली हाईवे पर कुदैया टोल प्लाजा के पास बच्ची को एक महिला के कब्जे से सकुशल बरामद कर लिया था।
विज्ञापन

पुलिस की पूछताछ में महिला ने बताया कि उसका मायका क्षेत्र के गांव रैपुरा में है। शादी के बाद पटरी न खाने के कारण वह अलग-अलग गांवों में कई लोगों के साथ रह चुकी है। वर्तमान में अतिवरा गांव में एक व्यक्ति के साथ रह रही है। उसकी कोई संतान नहीं है।
विज्ञापन

महिला के मुताबिक, रविवार को वह अतिवरा गांव की एक अन्य महिला के साथ मूंगफली के पॉलिशर पर दाना बीनने आई थी। वहां से बाहर निकलने पर उसे दीपिका घर के बाहर खेलती मिली। वह बच्ची को गोद में उठाकर गांव कुदैया में रहने वाली अपनी बहन के घर पहुंची। बहन को बताया कि वह जान-पहचान की महिला की बेटी है और उसे पालने के लिए लाई है। शाम को वह बच्ची को लेकर अतिवरा जा रही थी, तभी सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तलाश कर रही पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
सीओ दीपक सिंह ने बताया कि आरोपी महिला से पूछताछ की जा रही है। उसकी मानसिक स्थिति असामान्य लग रही है। उसके बारे में अन्य जानकारियां जुटाई जा रही हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें