पुवायां में बबली देवी का शव फंदे से लटका मिलने बाद जानकारी करती पुलिस। संवाद
- फोटो : संस्थान
पुवायां। मना करने के बाद भी पति के जनेऊ कार्यक्रम में जाने पर महिला ने घर के बरामदे में फंदे से लटककर जान दे दी। पति की सूचना पर पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।
गांव सतवां बुजुर्ग निवासी भाईलाल मिश्रा पुवायां के मोहल्ला रामनगर में किराये के मकान में रहते हैं। पांच मई को गांव सतवां में भाईलाल मिश्रा के भतीजे का जनेऊ था। मनमुटाव होने के कारण पत्नी बबली देवी उन्हें जनेऊ कार्यक्रम में जाने के लिए मना कर रही थी, लेकिन भाईलाल जनेऊ कार्यक्रम में गांव चले गए थे। छह मई की सुबह वह वापस घर पहुंचे तो पत्नी का शव बरामदे में रस्सी से लटका मिला। भाईलाल के शोर मचाने पर आसपास के तमाम लोग मौके पर जमा हो गए।
सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच की। जिला मुख्यालय से फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। बबली देवी के दो पुत्र 18 वर्षीय शिवांशु और 14 वर्षीय गोलू हैं। शिवांशु नोयडा में रहकर पढ़ाई कर रहे हैं।
बबली देवी की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी हरपाल सिंह बालियान ने बताया कि भाईलाल का अपने भाई से मनमुटाव है। पत्नी के मना करने पर भी वह गांव जा रहे थे। इस कारण विवाद हो गया था। इसी कारण आत्महत्या की बात सामने आ रही है।