बंडा। शादी से दो दिन पहले दूल्हे के गायब हो जाने से वर और वधू दोनों पक्षों परेशान हैं। दूल्हे के परिवार वालों ने पुलिस से पुत्र को खोजने की गुहार लगाई है। शुक्रवार को शादी होनी है।
कस्बे के मोहल्ला रामनगर निवासी स्व. हीरालाल के पुत्र राजू सक्सेना की शादी बरेली के थाना भुता के एक गांव से तय हुई थी। 13 जुलाई को शादी होनी है। तमाम रिश्तेदार युवक के घर आ चुके थे। बृहस्पतिवार शाम राजू बाइक से चौराहे पर जाने की बात कह कर घर से निकला था। देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने तलाश शुरू की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। इससे परिजन और रिश्तेदार परेशान हो गए। वधू पक्ष को सूचना दी गई तो वहां भी लोग परेशान हो गए। मोहल्ले के तमाम लोग भी राजू के घर पहुंचे और उसको खोजा, लेकिन पता नहीं चल सका।
युवक की मां कांति देवी ने पुलिस को सूचना देकर पुत्र का पता लगवाने की मांग की। उधर वधू पक्ष के भी कुछ लोग बंडा पहुंचे और मामले की जानकारी ली। थाना प्रभारी राकेश मौर्य ने बताया कि गुमशुदगी दर्ज की गई है। तलाश कराई जा रही है। अभी तक युवक के बारे में जानकारी नहीं मिल सकी है।