शाहजहांपुर। मंडलायुक्त भूपेंद्र एस चौधरी ने एसआईआर अभियान के तहत चल रहे कार्यों के संबंध में जनप्रतिनिधियों व राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ कलक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में शुक्रवार शाम को बैठक की। पुनरीक्षण संबंधित बिंदुओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची शुद्ध, त्रुटिहीन व पारदर्शी होना आवश्यक है।
उन्होंने एसआईआर अभियान में अब तक किए गए कार्यों और वर्तमान में नोटिसों की सुनवाई के संबंध में जानकारी ली। जनप्रतिनिधियों से अपील करते हुए कहा कि फार्म-6 भरवाने में सभी लोग सहयोग करें। राजनीतिक दलों से यह भी अनुरोध किया गया कि वे अपने बूथ लेवल एजेंट के माध्यम से बीएलओ का सहयोग करें।
उन्होंने प्राप्त नोटिसों का समय से निस्तारण करने के निर्देश दिए। डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि एसआईआर अभियान के लिए 170 एईआरओ जनपद की सभी छह विधानसभा क्षेत्रों में कार्यरत हैं। जनपद में 2810 मतदेय स्थल व 1792 मतदान केंद्र हैं। प्रकाशित आलेख्य छह जनवरी के अनुसार जनपद में पुरुष मतदाता 10,08,599, महिला मतदाता 8,02,921, तृतीय लिंग मतदाता 96 हैं। कुल मतदाता 18,11,616 हैं। निर्वाचन प्रक्रिया के सफल संचालन के लिए छह निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, 30 सहायक निर्वाचक अधिकारी, 2810 बीएलओ और 285 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं।
-
मंडलायुक्त ने कार्यालयों को भी देखा
मंडलायुक्त भूपेंद्र एस चौधरी ने कलक्ट्रेट स्थित अभिलेखागार न्यायिक, अभिलेखागार राजस्व, भूलेख अनुभाग, संग्रह अनुभाग एवं संयुक्त कार्यालय सहित अन्य कार्यालय का निरीक्षण कर अभिलेखों का रखरखाव व रिकॉर्ड को चेक किया। उन्होंने सेवानिवृत्ति कार्मिकों के देयों, एसीपी, पेंशन संबंध में संबंधित कार्मिकों से जानकारी प्राप्त की। डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने अभिलेखों के रखरखाव के लिए निर्देश दिए। इस दौरान एडीएम प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, एडीएम एफआर अरविंद कुमार, एडीएम न्यायिक राशिद अली, सिटी मजिस्ट्रेट प्रवेंद्र कुमार मौजूद रहे।
एसआईआर संशोधन कार्य में तेजी लाने के निर्देश
तिलहर। नगर पालिका परिषद कार्यालय में सहायक निर्वाचक नामावली अधिकारी (एईआरओ) समर शुक्ला ने एसआईआर से संबंधित फाॅर्मों का निरीक्षण किया। बीएलओ को निर्देश दिए कि जिन मतदाताओं को संशोधन के लिए नोटिस भेजे गए हैं, उनका सुधार कराया जाए। 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए उनके फार्म प्राथमिकता के आधार पर भरवाए जाएं। संवाद