डभौरा गांव के राजपाल सिंह का अपहरण कर हत्या के मामले में थाना गढ़िया रंगीन पुलिस की ओर से ढिलाई बरतने पर वहां के ग्रामीण बुधवार को भड़क गए। उन्होंने मृतक के घरवालों के साथ मुख्यालय पर आकर कलेक्ट्रेट में धरना दिया। बाद में मृतक के भाई ने डीएम के नाम ज्ञापन देकर घटना का खुलासा करके अभियुक्तों को गिरफ्तार कराने की मांग की।
डभौरा निवासी ऐंगर सिंह यादव के बेटे राजपाल का पांच मार्च की शाम कुछ लोगों ने अपहरण कर लिया था। इसकी रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई, लेकिन पुलिस राजपाल और उनके अपहर्ताओं का सुराग लगाने में नाकाम रही। 16 अप्रैल को रामगंगा से जुड़े नाले के पास राजपाल का शव बरामद हुआ। मृतक के हाथ-पैर बंधे होने के कारण घरवालों ने इसे हत्या मानते हुए तहरीर दी। पुलिस ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज भी कर ली, लेकिन अभियुक्तों की खोजबीन नहीं की।
प्रभारी सिटी मजिस्ट्रेट एपी श्रीवास्तव को दिए ज्ञापन में मृतक के भाई शिव सिंह ने कहा है कि थानाध्यक्ष इस प्रकरण में निर्दोषों को पकड़कर उनसे धन उगाही कर रहे हैं, जबकि शक के आधार पर जो नाम बताए गए, उन लोगों को पकड़ने से पुलिस कतरा रही है। अभियुक्तों को जल्द गिरफ्तार नहीं करने पर आमरण अनशन शुरू किया जाएगा। धरने में अभिषेक कुमार, शिवम, भरत पाल सिंह, सिपट्टर सिंह, राजेश्वर संह, ललिता, उर्मिला, सत्यवती, सुखपाल आदि शामिल रहे।