स्वदेशी जागरण मंच पश्चिमी उत्तर प्रदेश का दो दिवसीय प्रांतीय सम्मेलन शनिवार को शुरू हो गया। सम्मेलन के बाद मंच से जुड़े लोगों ने शहर में संदेश यात्रा निकालकर स्वदेशी के प्रति लोगों को जागरूक किया।
गांधी भवन में शुरू हुए सम्मेलन में मुख्य अतिथि पूर्व राज्यसभा सांसद राजनाथ सिंह सूर्य ने कहा कि सभी देशवासियों को आंदोलन से जुड़कर योगदान देना चाहिए। विदेशी कंपनियों का व्यापार देश और जनता के हित में नहीं है। विधान परिषद सदस्य डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त ने कहा कि मंच विदेशी कंपनियों के देश में बढ़ते व्यापार को रोकने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है। मंच के राष्ट्रीय नेता कश्मीरी लाल ने कहा कि मंच देशवासियों के हित की बात कर रहा है और सरकार को सचेत कर रहा है।
इससे पूर्व अतिथियों ने भारत माता और अमर शहीदों के चित्रों पर माल्यार्पण कर तथा दीप प्रज्ज्वलित कर सम्मेलन का शुभारंभ किया। आर्य महिला महाविद्यालय की छात्राओं ने वेद मंत्र और स्वागत गीत तथा अनुराग मिश्र ने स्वदेशी गीत प्रस्तुत किया। इसी कड़ी में डॉ. राजीव कुमार, अमितेश अमित, डॉ. निरंजन सिंह, राजभूषण जौहरी, अरुण गुप्ता, डॉ. श्रीकांत आदि ने अतिथियों का सूत की मालाएं पहनाकर स्वागत किया। नवनीत पाठक ने स्वागत भाषण दिया। यश भारती से सम्मानित समाजसेवी रमेश भइया की अध्यक्षता में हुए सम्मेलन का संचालन डॉ. रुचि द्विवेदी ने किया। इस अवसर पर डॉ. अवनीश मिश्र, पूर्व चेयरमैन सरोज गुप्ता, त्रिलोकी नाथ पांडेय, प्रबंध त्रिपाठी, हृदय नारायण मिश्र, रानू दुबे, श्वेता मल्होत्रा, आशीष गोयल, कमलेश गुप्ता, मंजू अग्निहोत्री, गायत्री दीक्षित समेत बड़ी संख्या में गणमान्य मौजूद रहे।
इसके पश्चात मंच के राष्ट्रीय संयोजक अरुण ओझा के नेतृत्व में संदेश यात्रा भी निकाली गई, जिसमें अखिल भारतीय विचार प्रमुख दीपक शर्मा प्रदीप, कश्मीरी लाल, क्षेत्रीय संयोजक संजीव माहेश्वरी और डॉ. राजीव कुमार, जिला संयोजक अमितेश अमित, आरएसएस के नगर कार्यवाह राजकमल वाजपेयी, मंच के युवा प्रमुख निश्चय त्रिवेदी, अनुराग मिश्र आदि शामिल हुए।