शाहजहांपुर। स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय के प्रथम कुलपति प्रो. पुष्पेंद्र बहादुर सिंह ने यूनिवर्सिटी को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का लक्ष्य तय किया है। उन्होंने कहा कि व्यावसायिक और रोजगारपरक पाठ्यक्रम शुरू कराएंगे। कृषि आधारित क्षेत्र होने के चलते कृषि आधारित कोर्स भी शुरू कराए जाएंगे। साथ ही अनुसंधान पर फोकस रखा जाएगा।
मंगलवार को एसएस लॉ कॉलेज में कुलपति ने कहा कि विभिन्न नवीन एवं रोजगारपरक पाठ्यक्रमों को शुरू करने के साथ ई-लर्निंग प्रक्रिया को प्रोत्साहित किया जाएगा। कहा कि विश्वविद्यालय को गति में लाने के लिए प्रवेश, परीक्षा, शिक्षण, परिणाम आदि सभी प्रक्रियाओं को नियमित करते हुए उन्हें गति देनी होगी। स्टाफ की कमी को पूरा करने के लिए शिक्षकों की आवश्यकता के अनुरूप नवीन पद सृजन व नए शिक्षकों की भर्ती की जाएगी।
उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य विश्वविद्यालय में शोध एवं नवाचार को बढ़ावा देना है। आसपास के बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित कर कॅरिअर के बारे में बताना है।
वाणिज्य संकायाध्यक्ष प्रो. अनुराग अग्रवाल ने कुलपति का परिचय कराया। डॉ. शिशिर शुक्ला के संचालन में हुए कार्यक्रम में लॉ कॉलेज के प्राचार्य डॉ. जयशंकर ओझा ने आभार जताया। कुलसचिव वीरेंद्र कुमार मौर्य, वित्त अधिकारी दीपक रस्तोगी, पूर्व प्राचार्य डॉ. अवनीश मिश्रा आदि मौजूद रहे।
पीजी खोलने का प्रयास करेंगे
कुलपति ने कहा कि यूनिवर्सिटी के भ्रमण के दौरान तमाम पाठ्यक्रम यहां पर नहीं मिले हैं। यहां पर विश्वविद्यालय की संस्कृति को विकसित करते हुए पीजी खोलने का प्रयास करेंगे। एमबीए, एमसीए व होटल मैनेजमेंट का पाठयक्रम भी शुरू करेंगे।
गांवों को गोद लेगा विश्वविद्यालय
कुलपति ने कहा कि आने वाले समय में आसपास के गांवों को गोद लेकर वहां के बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण करते हुए सामाजिक दायित्व के प्रति सजग किया जाएगा। एनजीओ के जरिये भी उन बच्चों की मदद कराई जाएगी। बताया कि नए सत्र से विद्यार्थियों को शहर के विश्वविद्यालय में प्रवेश लेने का मौका मिलेगा। इसके लिए समर्थ पोर्टल, शैक्षणिक कैलेंडर, वेबसाइट इत्यादि तैयार की जा रही है।