पुवायां (शाहजहांपुर)। दिल्ली से नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) के सब इंस्पेक्टर किराये की स्कार्पियो कार पर पुलिस की तख्ती लगाकर पुवायां आए थे और दवा बिक्री का रिकाॅर्ड दिखाने के बाद भी अमीन शुक्ला को जेल भेजने की धमकी देकर उगाही करना चाहते थे।
पुवायां के मोहल्ला कसभरा निवासी और संजीवनी मेडिकल स्टोर के स्वामी अमीन शुक्ला ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2023 में डाइसाइक्लोमाइन और ट्रामाडोल हाइड्रोक्लोराइड कांबिनेशन वाली दवा के 120 डिब्बे दवा कंपनी से खरीदे थे। उन्होंने दवा की उचित तरीके से बिक्री की और उसका रिकाॅर्ड भी रखा। जिस बैच की दवा उन्होंने खरीदी थी, उसी बैच की दवा दिल्ली में पकड़ी गई थी जो एक्सपायर हो चुकी थी। इसके बाद एनसीबी के अधिकारियों ने दवा कंपनी से संबंधित बैच की दवाएं जिन लोगों को बेची गईं थीं, उनका रिकाॅर्ड लिया था।
इसके बाद कथित रूप से एनसीबी का एक नोटिस उनको जुलाई में मिला, जिसका उन्होंने तत्काल जवाब भी दे दिया था। आठ अक्तूबर को एनसीबी के दिल्ली जोन यूनिट में तैनात एसआई अजीत मीणा और सुमित कुमार निजी स्कार्पियो कार पर पुलिस की तख्ती लगाकर पुवायां आए और अमीन शुक्ला से मिले। दोनों ने मामले में लंबी सजा होने की बात कहते हुए अमीन को धमकाया और लौट गए। इसके बाद व्हाटसएप कॉल कर उनसे मामले को रफा-दफा करने के नाम पर रुपये मांगे जाने लगे।
अमीन ने मामले में 12 नवंबर को दिल्ली जाकर सीबीआई को जानकारी दी। इसके बाद जाल बिछाकर 14 नवंबर को दोनों एसआई को रुपये लेते धर दबोचा गया। कोर्ट से दोनों आरोपियों को दो दिन के रिमांड पर दिया है। सीबीआई की ओर से इस आशय की प्रेस रिलीज जारी की गई है।
स्कार्पियों के कटे हैं एक दर्जन से ज्यादा चालान
अमीन शुक्ला ने बताया कि जिस स्कार्पियो कार से दोनों एसआई पुवायां आए थे, उसे देखकर उनको शक हो गया था कि एसआई उन्हें धमकाकर रकम ऐंठना चाहते हैं। उन्होंने कार का नंबर देखकर सर्च किया तो पता चला कि वाहन के एक दर्जन से ज्यादा चालान हो चुके हैं। इसके बाद उनको नोटिस के फर्जी होने का शक हुआ। दोनों एसआई कह रहे थे जिन्होंने संबंधित बैच की दवा खरीदी है, उसमें कई फंस रहे हैं। पुवायां के बाद वे लोग जांच के लिए सीतापुर और लखनऊ भी जाएंगे। इससे आशंका है कि कई अन्य दवा व्यापारियों से भी ठगी का प्रयास किया गया होगा।
‘एसआई जो कहें, हां करनी है’
अमीन शुक्ला के अनुसार उन्होंने सीबीआई से संपर्क किया तो अधिकारियों ने उनसे कहा था कि एसआई जो मांग रखें, हां बोलना है, जिससे दोनों एसआई को शक न हो कि उनको पकड़ने की तैयारी चल रही है। वह सीबीआई अधिकारियों के निर्देशों के तहत दोनों एसआई से बात करते रहे और 14 नवंबर को सीबीआई ने दोनों को पकड़ लिया।