कलक्ट्रेट परिसर में डीएम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करते अभाविप कार्यकर्ता। स्रोत: संगठन
शाहजहांपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने बाराबंकी के रामस्वरूप विश्वविद्यालय में विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारियोंं पर बाहरी लोगों के हमले व लाठीचार्ज के विरोध में बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। इस बीच पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा।
दोपहर में विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारी नारेबाजी करते हुए कलक्ट्रेट में पहुंचे और धरने पर बैठ गए। इस बीच नगर मजिस्ट्रेट ज्ञापन लेने आए तो इन्कार कर दिया। डीएम को बुलाने की मांग पर अड़ गए। डीएम ने मौके पर आकर ज्ञापन लिया।
इसमें लाठीचार्ज की घटना में लिप्त पुलिसकर्मियों व बाहरी लोगों समेत सभी दोषियों पर कार्रवाई करने, विधि छात्राें को भ्रम में रखकर भविष्य से खिलवाड़ करने की तथ्यात्मक जांच कराने, उच्च शिक्षा परिषद के सचिव की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट के आधार पर विश्वविद्यालय प्रबंधन पर कार्रवाई करने आदि की मांग शामिल थीं। ज्ञापन देने वालों में विभाग संगठन मंत्री राहुल गंगवार, जिला विस्तारक संदीप सागर, जिला संयोजक योगेंद्र मिश्रा, आयुष श्रीवास्तव, करन सिंह, हर्षिल ठाकुर आदि शामिल रहे।