शाहजहांपुर। एसपी सौरभ दीक्षित ने शुक्रवार सुबह पुलिस लाइन में आयोजित साप्ताहिक परेड का निरीक्षण कर सलामी ली। एसपी ने कहा कि जनता का विश्वास ही हमारी सबसे बड़ी पूंजी है। पुलिसकर्मियों को कानून-व्यवस्था के साथ-साथ संवेदनशीलता, अनुशासन, पारदर्शिता का पालन करते हुए सेवा भाव से कार्य करना चाहिए।
इस दौरान एसपी ने परेड की अनुशासनात्मक व्यवस्था, पुलिस बल की वर्दी की साज सज्जा, टर्न आउट और शारीरिक दक्षता का भी निरीक्षण किया। फिर पुलिस बल के साथ दौड़ लगाकर शारीरिक फिटनेस का संदेश दिया।
सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नियमित व्यायाम करने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और सदैव चुस्त दुरुस्त रहने के लिए प्रेरित किया। साथ ही आरटीसी बैरक, पुलिस मैस एवं पीआरवी वाहनों की व्यवस्थाओं का अवलोकन कर संबंधित को आवश्यक निर्देश दिए। एसपी ग्रामीण भंवरे दीक्षा अरुण, सीओ लाइन आदि मौजूद रहे। संवाद