शाहजहांपुर। यूपी बोर्ड परीक्षाओं में शामिल होने वाले छात्र-छात्राओं के प्रमाणपत्र व अंकपत्र की गड़बड़ी को सही कराने के लिए बुधवार को अंतिम मौका है। इस बीच बोर्ड ने पोर्टल पर अपलोड होने वाली पीडीएफ फाइल का साइज बढ़ा दिया है।
बोर्ड परीक्षा का परीक्षा परिणाम जारी होने के बाद काफी छात्र-छात्राओं के अंकपत्रों व प्रमाणपत्रों में त्रुटियां सामने आई हैं। परिषद ने विद्यार्थी, उनके माता-पिता के नाम की वर्तनी, जन्मतिथि फोटो में संशोधन के लिए निर्धारित प्रारूप पर प्रविष्टियां अंकित करते हुए जरूरी साक्ष्यों को पोर्टल पर अपलोड करने का समय छह मई की शाम छह बजे तक का समय दिया है।
विद्यार्थियों के डाटा की 200 केवी तक की फाइल पोर्टल पर लोड करने के निर्देश थे, लेकिन ज्यादा कागज लगने पर तय केवी की फाइल अपलोड करने के लिए साइज छोटा करने पर प्रपत्र में लिखे अक्षर सही से नहीं दिख नहीं पाते हैं। ऐसे में पीडीएफ की फाइल का साइज बढ़ा दिया गया है।
डीआईओएस हरिवंश कुमार ने बताया कि प्रपत्रों को अपलोड करने के बाद संशोधन के संंबंधित कोई प्रकरण रहने पर संबंधित विद्यालय अगले अंतिम दिवस तक भी अपलोड कर सकते हैं। संवाद