शाहजहांपुर। निगोही विकासखंड के उच्च प्राथमिक विद्यालय जठियुरा के शिक्षक शिवसागर अवस्थी की सेवा समाप्त कर दी गई। वह वर्ष 2021 से स्कूल से गैरहाजिर चल रहे थे। उनकी पत्नी ने मानसिक रूप से अस्वस्थ होने के कारण थाने में रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी। 24 घंटे में शिक्षकों की सेवा समाप्ति का यह दूसरा मामला है।
पीलीभीत जिले के थाना बीसलपुर के गांव अहिरवाड़ा निवासी शिवागर अवस्थी ने वर्ष 1997 में बंडा विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय ऐजनपुर में सहायक अध्यापक के पद पर तैनाती पाई थी। वर्ष 2004 में पदोन्नति होने के बाद उच्च प्राथमिक विद्यालय जठियुरा, निगोही में कार्यभार ग्रहण किया।
वर्ष 2022 में बीईओ निगोही के निरीक्षण में 16 मार्च 2021 से लगातार अनुपस्थित रहने पर स्पष्टीकरण मांगा गया। डाक से भेजे गए पत्र का कोई जवाब नहीं मिला। बीएसए दिव्या गुप्ता ने बताया कि पंजीकृत डाक से भेजे गए पत्र में पत्नी लक्ष्मी अवस्थी ने बताया कि शारीरिक, मानसिक रूप से अस्वस्थ होने के कारण वह वर्ष 2021 से लापता हैं।
उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई है। बीईओ की आख्या के बाद बीएसए ने छात्र हित में सहायक अध्यापक की सेवा समाप्त कर दी है। रविवार को भी लंबे समय से अनुपस्थित एक शिक्षक की सेवा समाप्ति की कार्रवाई की गई थी।