शाहजहांपुर में प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष ऋषिकांत पांडेय का स्वागत करते शिक्षक। स्रो
शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ पांडेय गुट की जिला बैठक में 11 दिसंबर को दिल्ली में होने वाले धरना-प्रदर्शन को लेकर रणनीति तय की गई। इस बीच अध्यक्ष का फूलमाला पहनाकर स्वागत किया गया। नरमू कार्यालय पर हुई बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष ऋषिकांत पांडेय ने कहा कि किसी भी शिक्षक की सेवा और सुरक्षा प्रभावित नहीं होने दी जाएगी।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि इसके लिए संगठन संघर्ष करने के लिए प्रतिबद्ध है। 11 दिसंबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर टीईटी अनिवार्यता मुद्दे पर सांकेतिक धरना दिया जाएगा। केंद्र सरकार ने शिक्षकों की सेवा सुरक्षा में कोई ठोस निर्णय नहीं किया तो फरवरी में संसद के आम बजट के दौरान रामलीला मैदान पर देशव्यापी शिक्षक बचाओ महारैली की जाएगी। इसमें संसद मार्च भी होगा।
उन्होंने बताया कि संगठन में ब्लॉक इकाइयों के निर्वाचन की प्रक्रिया भी प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत होगी। जिला कार्यकारिणी का निर्वाचन दिसंबर के तीसरे सप्ताह में होगा। बैठक में राजकुमार सिंह, रत्नाकर दीक्षित, सचिन मिश्रा, विक्रांत मिश्रा, पल्लवी गुप्ता, भुवनेश गुप्ता, धीरज रस्तोगी, चंद्रभूषण शुक्ला, संतोष कुमार, नृपेंद्र मिश्रा आदि मौजूद रहे। संवाद