शाहजहांपुर। राजकीय व निजी आईटीआई में प्रवेश को लेकर पहला चरण पूरा हो गया है। रविवार को अवकाश के बावजूद दूसरे चरण की वजह से कॉलेज को खोला गया। हालांकि, छात्र-छात्राओं में उत्साह कम दिखाई दिया।
रोजा स्थित आईटीआई में 473 के सापेक्ष 448 सीटें आवंटित की गईं। सीटों के मुकाबले मात्र 236 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है। यहां पर करीब 212 सीटें रिक्त रह गई हैं। जलालाबाद आईटीआई में 445 सीटों पर 214 और पुवायां आईटीआई में 317 सीटों में 165 छात्र-छात्राओं ने दाखिला लिया है। सीटों के खाली रहने के चलते दूसरे चक्र का नोटिफिकेशन आया था।
इसे देखते हुए रविवार को भी रोजा आईटीआई में प्रवेश की प्रक्रिया के लिए कॉलेज खोला गया। यहां पर कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई। दूसरे चक्र में प्रवेश को लेकर विद्यार्थियों में उत्साह नजर नहीं आ रहा है। बताते हैं कि विद्यार्थियों ने आईटीआई के साथ ही राजकीय पॉलीटेक्निक का फॉर्म डाला था। पॉलीटेक्निक में नाम आने के चलते छात्र वहां ज्यादा तरजीह दे रहे हैं। प्रधानाचार्य सोनिया माथुर बताती हैं कि पॉलीटेक्निक में तीसरे चक्र की काउंसलिंग चल रही है।