शाहजहांपुर। शाहजहांपुर विकास प्राधिकरण (एसडीए) ने अवैध कॉलोनियों के विरुद्ध कार्रवाई शुरू कर दी है। शनिवार को बरेली मोड़ स्थित गांव भेदपुर में महायोजना 2031 के विपरीत अवैध निर्माणाधीन तीन आवासीय प्लाटिंग को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया गया। अधिकारियों ने भूमि का विक्रय नहीं करने के निर्देश दिए। एसडीए की कार्रवाई से क्षेत्र में खलबली मच गई।
एसडीए सचिव अजय त्रिपाठी के साथ अवर अभियंता रमेश चंद्र वर्मा, प्रदीप कुमार त्रिवेदी व नगर नगर निगम की प्रवर्तन दल के साथ बरेली रोड पर गांव भेदपुर में अनाधिकृत आवासीय प्लाटिंग को जेसीबी के माध्यम से ध्वस्त किया गया। करीब 25000 वर्ग मीटर में तीन आवासीय कॉलोनियों के लिए प्लाटिंग कराई जा रही थी।
तीनों भूखंडों को आवासीय भूखंडों के रूप में न विक्रय किए जाने के सख्त निर्देश दिए गए। विकास प्राधिकरण के सचिव ने सभी से अनुरोध किया कि महायोजना के अनुरूप प्राधिकरण कार्यालय से जानकारी प्राप्त कर जमीन खरीदें। यह देखने में आ रहा है कि कॉलोनाइजर शहर के ऐसी भूमि पर प्लाटिंग कर रहे हैं, जो आवासीय प्रयोजन के लिए नहीं हैं।
जनसामान्य भी भूमि क्रय करते समय पूरी जानकारी प्राप्त करके ही अपनी जमापूंजी लगाए। उन्होंने बताया गया कि जिन लोगों ने भी बिना लेआउट पास कराए काॅलोनी विकसित की है। उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बरेली मोड़ के पास गांव भेदपुर में महायोजना 2031 के विपरीत तीन कॉलोनियों में प्लाटिंग की जा रही थी। इनको ध्वस्त कर दिया गया है। लगातार इस प्रकार की कार्रवाई चलती रहेगी।
- अजय कुमार त्रिपाठी, सचिव, एसडीए