एसएस कॉलेज का स्वर्ण जयंती एवं संस्थापक स्वामी शुकदेवानंद सरस्वती महाराज का अर्द्ध शताब्दी निर्वाण दिवस महोत्सव बुधवार को शुरू हो गया। शैक्षिक और धार्मिक अनुष्ठान के अद्भुत संगम पर जगद्गुरु शंकराचार्यों, पीठाधीश्वरों और अन्य संत-महात्माओं की मंगल यात्रा निकाली गई। नगरवासियों ने धर्म गुरुओं के दर्शन कर उनका पुष्पवर्षा से जोरदार स्वागत किया।
कड़ी सुरक्षा के बीच संत-महात्माओं की मंगल यात्रा बाबा विश्वनाथ मंदिर परिसर से पूर्वांन्ह लगभग 11 बजे शुरू हुई। रथों, खुले वाहनों और कारों पर विराजमान संतों के स्वागत को जगह-जगह तोरण द्वार बनाए गए थे। लोगों ने संतों को फूल मालाएं पहनाकर और उन पर पुष्पवर्षा कर आशीर्वाद लिया। मंगल यात्रा सदर बाजार, बहादुरगंज, घंटाघर, मालखाना मोड़, चौक, चारखंभा, अजीजगंज होते हुए एसएस कॉलेज परिसर पहुंची, जहां उनका जोरदार स्वागत किया गया। युवाओं का जत्था मंगलयात्रा के आगे चल रहा था। एक वाहन पर नगाड़ा भी बजाया जा रहा था। नगाड़ा वाहन के पीछे स्वामी शुकदेवानंद महाराज की दिव्य प्रतिमा शामिल की गई।
एसएस कॉलेज में स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती, प्राचार्य डॉ. अवनीश मिश्र, रामचंद्र सिंघल, डॉ. संजय बरनवाल, डॉ. हरिनाथ झा, डॉ. अमीर सिंह, डॉ. राजीव अग्रवाल, लता नायर, डॉ. अनुराग अग्रवाल, आचार्य पद्मनाभ, गिरीश हरिदास आदि ने मंगलयात्रा का स्वागत किया।
चौक में हुआ अभूतपूर्व स्वागत
चौक में खत्री युवा मंडल की ओर से भव्य स्वागत द्वार बनाकर सांसद योगी आदित्यनाथ का स्वागत भारी भरकम फूल माला पहनाकर किया गया। साथ ही अन्य संतों पर पुष्पवर्षा की गई। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद और आरएसएस के कार्यकर्ता भारतमाता की जय और वंदे मातरम के जयघोष के साथ ढोल बाजे पर डांस भी कर रहे थे। स्वागत करने वालों में राजीव मोहन अग्रवाल, राजकमल वाजपेयी, वैभव खन्ना आदि शामिल रहे।
चौक से योगी के लिए अपनाया शार्टकट
मंगलयात्रा में शामिल सांसद योगी आदित्यनाथ की गाड़ी को चौक चौराहा से सेठ कालीचरन मार्ग की ओर मोड़ दी गई। योगी महाराज सरोदी बंगला होते हुए सबसे पहले एसएस कॉलेज पहुंचे। चूंकि वह उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि थे, इसलिए उन्हें मंगलयात्रा से पहले आयोजन स्थल पहुंचना था। अत: उनके लिए शार्टकट अपनाया गया। शेष संत-महात्मा चारखंभा होते हुए महाविद्यालय पहुंचे।
मार्च पास्ट ने बढ़ाई समारोह की भव्यता
एसएस कॉलेज में मुख्य अतिथि भाजपा के तेजतर्रार सांसद एवं प्रखर वक्ता योगी आदित्यनाथ ने मुख्य द्वार पर मार्च पास्ट की सलामी ली। मार्च पास्ट में एनसीसी कैडेट्स के अलावा 101 छात्राएं पीतवस्त्र में सिर पर कलश लेकर तथा एसएसएमवी, श्री दैवी संपद इंटर कॉलेज, श्री दैवी संपद ब्रह्मचर्य संस्कृत महाविद्यालय, जानकी इंस्टीट्यूट, एसएस विधि महाविद्यालय, एसएस कॉलेज के विभिन्न संकाय के सैकड़ों छात्र-छात्राएं आकर्षक वेश में अलग-अलग रंगों के ध्वज के साथ शामिल हुए।
11 बटुकों का हुआ यज्ञोपवीत
सुबह के सत्र में श्री दैवी संपद ब्रह्मचर्य संस्कृत महाविद्यालय की यज्ञशाला में गायत्री महायज्ञ शुरू किया गया। इस दौरान पूर्व नियोजित कार्यक्रम के अंतर्गत पहले दिन 11 बटुकों का यज्ञोपवीत संस्कार भी कराया गया। महायज्ञ और यज्ञोपवीत संस्कार में संस्कृत महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. हरिनाथ झा और अन्य आचार्यों का योगदान रहा।
अमर शहीदों को किया नमन
मंगल यात्रा शुरू होने से पूर्व शंकराचार्यों, पीठाधीश्वरों तथा अन्य संत-महात्माओं ने टाउनहाल नगर पालिका परिसर में स्थापित अमर शहीदों और क्रांतिकारियों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। माल्यार्पण की व्यवस्था डॉ. अवधेश मणि त्रिपाठी, डॉ. इंदु अजनबी आदि ने की थी।