बरेली। शुक्रवार को मौलाना तौकीर रजा के बुलावे पर आए उपद्रवियों ने शहर में किस तरह बवाल करने की कोशिश की और पुलिस ने कैसे इस पर काबू पाया, ड्रोन कैमरों से बनाए गए वीडियो में यह साफ दिख रहा है। बुधवार को ये वीडियो पुलिस की ओर से जारी किए गए।
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि बवाल वाले दिन पुलिस ने तीन सरकारी ड्रोन के साथ ही कुछ निजी ड्रोन भी खलील स्कूल व अन्य संवेदनशील स्थानों के आसपास उड़ाए थे। भीड़ ने धर्मस्थल में घुसने, वहां से निकलकर हमला करने के दौरान इन पर गौर नहीं किया। अब यही वीडियो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस के काम आ रहे हैं। उच्च क्षमता के कैमरों से ली गईं तस्वीरें व वीडियो इतने स्पष्ट हैं कि चौकी प्रभारियों को प्रमुख आरोपियों को तलाशने में कोई खास अड़चन नहीं आ रही है।
यह वीडियो जारी हुए तो थोड़ी ही देर में सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। माना जा रहा है कि माैलाना के परिवार की प्रेसवार्ता में बेकसूरों पर कार्रवाई की बात कही गई थी। इसके बाद बरेली पुलिस ने ये वीडियो जारी किए हैं। वीडियो में धर्मस्थल की छतों पर जमा लोग, छत से उतरकर नीचे भागती भीड़ और गलियों में घुसकर पथराव करते लोगों के साथ ही लाठी लेकर भीड़ को खदेड़ती पुलिस साफ तौर पर देखी जा सकती है। ब्यूरो