शाहजहांपुर। डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के निर्माण कार्य एवं अन्य कार्यों के संबंध में बैठक वीसी कक्ष में आयोजित की गई। डीएम ने कार्यदायी संस्थाओं के अभियंताओं के निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए। मेडिकल कॉलेज गेट बाहर खड़े होने वाले ठेलों और वाहनों को हटवाने के भी निर्देश दिए।
डीएम ने ट्राॅमा सेंटर और इमरजेंसी के जीर्णोद्धार का कार्य 30 जून तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज में अच्छी वॉल पेंटिंग, खाली जगह पर पार्क, क्यारियां, गमले, वार्ड, कैंटीन को जाने के लिए साइनेज लगाया जाए। मरीजों के लिए मिलने वाले ब्रेकफास्ट, लंच आदि के मेन्यू का भी बोर्ड लगाया जाए।
कहा कि रजिस्ट्रेशन के लिए पेमेंट गेटवे से लिंक कराया जाए और क्यूआर कोड प्रत्येक गांव में लगाएं। मेडिकल कॉलेज आने वाले चिकित्सकों और अन्य स्टाफ के पास जारी किए जाएं। अनावश्यक वाहनों को अंदर नहीं आने दिया जाए। पब्लिक एड्रेस सिस्टम लगाने और सड़क, नाली सही कराने के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। इस दौरान नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, सीडीओ उत्कर्ष द्विवेदी, प्रधानाचार्य डॉ.राजेश कुमार आदि मौजूद रहे। संवाद