विकास भवन में जनसुनवाई में महिला की समस्या सुनतीं राज्य महिला आयोग की सदस्य सुजीता कुमारी। स्रो
शाहजहांपुर। राज्य महिला आयोग की सदस्य सुजीता कुमारी ने बुधवार को विकास भवन में महिलाओं की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में दो महिलाएं ऐसी आईं, जो पहले भी अपनी समस्याओं का समाधान कराने की गुहार लगा चुकी हैं। उनका आरोप है कि पुलिस कार्रवाई नहीं करती है।
सुजीता कुमारी को निगोही क्षेत्र निवासी महिला ने बताया कि वह दूसरी बार शिकायत करने आई हैं। तीन वर्षों पहले बेटी का जन्म होने के कारण उनके पति ने उनको घर से निकाल दिया था। महिला आयोग की सदस्य के निर्देश के बावजूद निगोही थाना पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है।
इसी प्रकार, चौक कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी महिला ने बताया कि वह दूसरी बार शिकायत करने आई हैं। उनके पति ने छह वर्षों पहले दूसरी शादी कर ली। इसके बाद कोर्ट ने चार हजार रुपये गुजारा भत्ता निर्धारित किया था। उन्होंने बताया कि गुजारा भत्ता समय से नहीं दिया जाता है। शिकायत करने पर चौक कोतवाली पुलिस भी कोई कार्रवाई नहीं करती है।
कार्यक्रम में कुल नौ शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें पांच घरेलू हिंसा, दो भूमि विवाद, एक दहेज उत्पीड़न व एक मेडिकल से संबंधित रहीं। सुजीता कुमारी ने शिकायतें सुनने के बाद संबंधित अधिकारियों को समाधान करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि महिलाओं का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान सीडीओ डॉ. अपराजिता सिंह, एसडीएम जीत सिंह राय, सीओ इशिका सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी गौरव मिश्रा आदि मौजूद रहे।