निगोही के हमजापुर चौराहे पर लगा जाम। संवाद
निगोही। लिपुलेख-भिंड हाईवे के हमजापुर चौराहे पर बेतरतीब वाहनों के जमावड़े के कारण आए दिन जाम लगा रहता है। इस कारण राहगीरों और दुकानदारों को बहुत दिक्कत होती है। चौराहे पर शाहजहांपुर, पुवायां, बीसलपुर, तिलहर आदि मार्ग पर चलने वाले ऑटो और टाटा मैजिक वाहनों के चालक यात्रियों की तलाश में सुबह से शाम तक बने रहते हैं।
इन दिनों त्योहार की खरीदारी के लिए ग्रामीण क्षेत्र से तमाम लोग नगर के बाजार में आ रहे हैं। इसलिए हाईवे के चौराहे पर जाम की समस्या विकराल हो रही है। हाईवे की दोनों तरफ की लेन का बड़ा हिस्सा यात्री वाहनों से घिरे रहने से जाम के हालात बन रहे हैं।
खास यह है कि यहां चार होमगार्डों की ड्यूटी हर समय लगी रहती है, लेकिन जाम लगने पर वे भी असहाय नजर आते हैं। प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार सिंह का कहना है कि चौराहे पर जाम की समस्या खत्म करने के लिए पुलिस की पेट्रोलिंग टीमों से बाजारों में अतिरिक्त चौकसी कराई जा रही है। संवाद