शाहजहांपुर में जिला कारागार में बनाए गए कुंड में संगम का पानी डालते जेल अधीक्षक। स्रोत: जेल
शाहजहांपुर। महाकुंभ के मद्देनजर जिला कारागार में बंदियों को संगम के जल से स्नान कराने के लिए 15 लीटर जल मंगाया गया था। जेल के अंदर एक बड़ा कुंड तैयार कर भूमिगत जलापूर्ति की व्यवस्था की गई।
संगम तट से मंगाए गए पावन जल को सजे हुए घड़े में पवित्र स्थल पर सुरक्षित किया गया था। शुक्रवार को मुहूर्त पर विधि-विधान के साथ कंधे पर उठाकर पुष्प वर्षा करते हुए बड़े कुंड के पास जल ले जाया गया। दीपोत्सव के बाद मंत्रोच्चार के साथ जेल अधीक्षक मिजाजीलाल ने जल को कुंड में प्रवाहित किया। बंदियों ने गंगा मैया और भोलेनाथ के जयकार लगाते हुए स्नान किया। महिला बंदियों के लिए अलग से इंतजाम किया गया था। जेल अधीक्षक ने बताया कि बंदी मुख्तार, गुरप्रीत उर्फ मिट्ठू, आदिल, विक्की, रुकसाद, नदीम, रिपुदमन और विशाल मसीह ने भी स्वेच्छा से स्नान किया। संवाद