भावलखेड़ा। थाने के चक्कर लगाते-लगाते निराशा हाथ लग रही है। चौकी प्रभारी बार-बार थाने बुलाने के बाद खुद नहीं मिलते हैं। यह बताते हुए थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र के मोहल्ला रेती निवासी रीना देवी बिलख पड़ीं।
मां आरती के साथ थाने पहुंची रीना ने बताया कि उनकी शादी करीब दो वर्ष पूर्व थाना रोजा क्षेत्र के गांव बरतारा निवासी विकास के साथ हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद ही ससुराल वालों ने प्रताड़ित करना शुरू कर दिया, जिससे तंग आकर वे यहां मायके आकर रहने लगीं। ससुराल वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी। इसके बाद पति विकास उनके साथ मायके आकर रहने लगा।
रीना के मुताबिक, 26 अप्रैल को विकास घर से कचहरी जाने की बात कहकर निकाले थे, तब से घर नहीं आया। थाना आरसी मिशन पुलिस ने उसकी तहरीर पर गुमशुदगी दर्ज न कर विकास के पिता सुरेश की ओर से गुमशुदगी दर्ज कर ली। अब पुलिस उसे बरामद कर नहीं कर रही है। चौकी प्रभारी फत्तेपुर राहुल आर्य की विकास से फोन पर वार्ता होती है।
चौकी प्रभारी रीना को आए दिन थाने बुलाकर ससुराल पक्ष से वार्ता करने को कह देते हैं और खुद गायब हो जाते हैं। थाना प्रभारी सीपी शुक्ला ने बताया कि बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।