शाहजहांपुर। राजकीय मेडिकल कॉलेज से सर्जिकल सामान की चोरी प्रकरण की जांच पूरी हो गई। प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार ने डीजी हेल्थ व डीएम-एसपी को रिपोर्ट भेज दी है। इसके बाद दो फार्मासिस्ट पर विभागीय कार्रवाई होना लगभग तय माना जा रहा है। चौक कोतवाली में सोमवार को रिपोर्ट भी दर्ज हो सकती है।
एक जून की रात को ट्रामा सेंटर के सामने सुरक्षा गार्ड ने पिकअप को रोकने के बाद चालक से पूछताछ की थी, तभी चालक व एक अन्य कर्मचारी मौके से भाग गए थे। शुरुआत में दवा भरी होने की आशंका के बीच बोरी व गत्तों में सर्जिकल का सामान मिला था। पांच लाख रुपये का सामान होने का अनुमान था। प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार ने शुरुआती कार्रवाई करते हुए औषधि विभाग के चीफ फार्मासिस्ट जेडी बंसल को हटाकर ट्रामा सेंटर में ड्यूटी लगा दी थी।
मामले की जांच के लिए सीएमएस के नेतृत्व में जांच कमेटी गठित की। कमेटी ने संबंधित के बयान दर्ज करने के साथ सर्जिकल सामान के बैच का मिलान किया, जो अस्पताल से मेल कर गया।
टीम ने अपनी रिपोर्ट प्राचार्य को सौंप दी, जिसमें चीफ फार्मासिस्ट व फार्मासिस्ट, वार्ड बॉय, संविदा क्लर्क की भूमिका संदिग्ध मिलने पर विभागीय रिपोर्ट डीजी हेल्थ व डीएम-एसपी को भेज दी। दूसरी ओर जांच रिपोर्ट पुलिस अधीक्षक कार्यालय से होते हुए कोतवाली भी पहुंच गई।
इंस्पेक्टर राजीव तोमर के अनुसार, डाक के जरिये लिफाफा प्राप्त हो गया। उसी के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
-
सीएमएस ने कोतवाली में भेजी थी तहरीर
-पिकअप से सर्जिकल सामान चोरी के प्रयास का मामला संज्ञान में आने के बाद सीएमएस डॉ. नेपाल सिंह ने चौक कोतवाली में तहरीर दी थी। एसपी से भी बातचीत की थी। पुलिस ने पहले विभागीय जांच कराने की बात कही थी। बताया गया था कि जांच पूरी होने के बाद पुलिस कार्रवाई करेगी। पिकअप से सामान कहां भेजा जा रहा था? यह भी पुलिस ही पता कर सकेगी। दूसरी ओर पिकअप के मालिक व चालक का सुराग नहीं लग सका। गाड़ी लखनऊ एआरटीओ में पंजीकृत है।
जांच रिपोर्ट पूर्ण हाेने के बाद अधिकारियों को रिपोर्ट भेज दी गई। अधिकारी कार्रवाई को तय करेंगे। पुलिस भी अपने स्तर से जांच कर अग्रिम कार्रवाई करेंगी।
-डॉ.राजेश कुमार, प्राचार्य