शाहजहांपुर। थाना सिंधौली क्षेत्र के गंधरपुर गांव में शनिवार दोपहर खेत में मृत मिली रेखा की मौत के मामले में गठित एसओजी समेत तीनों टीमों ने क्षेत्र में जाकर जांच की। पुलिस हर पहलू पर जांच कर साक्ष्य जुटाने में जुट गई है। वहीं, रेखा के परिजनों ने एसपी सौरभ दीक्षित से मुलाकात की। एसपी ने जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया।
शनिवार की दोपहर करीब तीन बजे थाना सिंधौली क्षेत्र के गंधरपुर गांव में एक युवती का शव गन्ने के खेत में मिला था। उसके गले पर दुपट्टा कसा हुआ था। 24 घंटे बाद शव की पहचान नगलावलेटू गांव की रेखा के रूप में उसके पिता अवधेश व मां नन्ही ने की थी। मंगलवार को पिता अवधेश ने एसपी सौरभ दीक्षित से मुलाकात की।
उन्हें बताया कि बेटी 20 जून की रात करीब 11: 30 बजे बिना बताए कहीं चली गई। रविवार को उन्हें बेटी की मौत की सूचना मिली थी। बेटी की दो युवकों से बातचीत होती थी। उसे शक है कि उन्हीं लोगों ने उसकी हत्या की है। एसपी सौरभ दीक्षित ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जाएगी। संवाद