शहर के कृष्णानगर इलाके में दो धर्मस्थलों के बीच कायम देशी शराब की दुकान हटाए जाने और जनहित की अन्य कई मांगों को लेकर शिवसेना कार्यकर्ताओं ने सोमवार को कलक्ट्रेट में प्रदर्शन करके धरना दिया। बाद में शिवसैनिकों का शिष्टमंडल एडीएम प्रशासन मुनेंद्र नाथ उपाध्याय से मिला और उन्हें डीएम के नाम ज्ञापन दिया।
शिवसैनिकों ने रविवार को संगठन कार्यालय पर हुई बैठक में इस्लामियां इंटर कालेज के पास एक मंदिर और मस्जिद के बीच में खोली गई देशी शराब की दुकान को हटाए जाने की मांग पूरी न होने पर प्रदर्शन करने का निर्णय लिया था। इस संबंध में प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को भी ज्ञापन दिए जाने का कोई नतीजा नहीं निकला। अंतत: बैठक में हुए निर्णय के अनुरूप शिवसेना कार्यालय पर कार्यकर्ता इकट्ठा हुए और वहां से हाथों में गेरुआ झंडे थामकर नारेबाजी करते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे।
कलक्ट्रेट में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन जारी रखते हुए धरना दिया। बाद में उनका शिष्टमंडल महिला प्रकोष्ठ की जिला प्रमुख चंचला रानी नैयर के नेतृत्व में एडीएम उपाध्याय से मिला। उन्हें दिए गए ज्ञापन में लोगों की धार्मिक भावनाओं को आहत होने से बचाने के लिए धर्मस्थलों के पास से शराब की दुकान हटाए जाने, कब्रिस्तानों की तरह हिंदू देव स्थानों की चहारदीवारी निर्मित कराने, दिन के समय शहर के अंदर भारी वाहनों का प्रवेश कड़ाई से रोके जाने आदि मांगों का उल्लेेेख किया गया है। प्रदर्शन में रघुवीर सिंह कश्यप, अमित राजपूत, अमन नैयर, राज वर्मा, राकेश कुमार, लाल बहादुर, महेश कुमार, गंगाराम, मोहित श्रीवास्तव आदि शामिल रहे।