राज्यमंत्री दानिश आजाद को सम्मानित करते मदरसा खेलकूद प्रतियोगिता के संयोजक। संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी ने रविवार को सपा के वरिष्ठ नेता आजम खां पर हमला बोला। उन्होंने रामपुर में पांच दिसंबर को होने वाले उपचुनाव पर कहा कि भाजपा यहां से एकतरफा जीत दर्ज करेगी। रामपुर की जनता ने आजम का किला ढहाने की पूरी प्लानिंग पहले ही कर ली है।
मदरसा खेलकूद प्रतियोगिता के समापन समारोह में शिरकत करने देरी से आए पहुंचे राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में कुछ देर रुके। उन्होंने बताया कि जनता ने आजम खां को विधायक चुना लेकिन वह पूरी तरह फेल हो गए। क्षेत्र को विकास से कोसों दूर रखा। उन्होंने आजमगढ़ व रामपुर लोकसभा के उपचुनाव में भाजपा को मिली जीत पर कहा कि हर वर्ग की जनता ने उन्हें वोट दिया। अंसारी ने पसमांदा अल्पसंख्यक सम्मेलन को लेकर कहा कि योगी सरकार की योजनाओं का लाभ सभी को मिल रहा है। पसमांदा समाज तक बिना भ्रष्टाचार के योजनाएं पहुंच रही हैं। इसलिए वह भाजपा के साथ है। दानिश आजाद ने कहा कि मदरसों का सर्वे पूर्ण हो चुका है। उसकी रिपोर्ट आने के बाद शासन स्तर से मदरसों के लिए बेहतर कार्य किए जाएंगे।